बिलासपुर : हिमाचल विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश कांग्रेस कमेटी को एक बड़ा झटका लगा है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व वर्तमान में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष रामलाल ठाकुर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने आज बिलासपुर में पत्रकार वार्ता करते हुए ये ऐलान किया है कि वह प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे रहे हैं. प्रेस वार्त के दौरान रामलाल ठाकुर का दर्द भी छलका और वह भावुक होकर रो पड़े. उन्होंने कहा कि वह वर्तमान में कांग्रेस कमेटी के हर कार्य में मौजूद रहेंगे.
उन्होंने हाईकमान से यह भी मांग उठाई है कि अगर उनकी जगह पर कांग्रेस कमेटी हाईकमान को कोई अन्य नेता नैना देवी विधानसभा क्षेत्र (Naina devi constituency) से नजर आता है तो उसे टिकट दिया जाए. उन्होंने चुनाव न लड़ने को लेकर भी हाईकमान से सिफारिश की है. रामलाल ठाकुर ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी में हर तीसरा व्यक्ति मुख्यमंत्री के पद की दौड़ के लिए भाग रहा है, लेकिन वह उस दौड़ में नहीं है.
उन्होंने साफ तौर पर ऐलान किया कि वह मुख्यमंत्री की दौड़ में बिल्कुल भी नहीं है और न ही कभी वह ऐसा सोच सकते हैं. उन्होंने कहा कि वह हमेशा ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी (Himachal congress committee) के आदेश अनुसार कार्य करते आ रहे हैं.
