शिमला| इस माह से राशन व्यवस्था में सूबे में बड़ा बदलाब होने जा रहा है| हिमाचल प्रदेश के राशन कार्ड होल्डरों के लिए खुशखबरी है। अब उन्हें राशन डिपो से खराब चीजें नहीं मिलेंगी। चीनी भी बंद पैक लिफाफे में मिलेगी। क्योंकि अब राशन डिपो पर अनाज खराब नहीं होगा। सरकार डिपो संचालकों को बड़े-बड़े ड्रम देने जा रही है। संचालकों के बैठने और सामान रखने के लिए काउंटर भी दिए जाएंगे। जल्द ही यह काम शुरू हो जाएगा। इस तरह लंबे समय से चली आ रही डिपो संचालकों की मांग भी पूरी होगी। सरकार डिपो संचालकों को 5 से 6 क्विंटल तक का सामान रखने वाले दो बड़े बड़े ड्रम देगी।गौरतलब है कि खाद्य आपूर्ति विभाग डिपो से आए दिन आटा, चावल समेत अन्य वस्तुओं के सैंपल उठाता है, लेकिन सैंपल फेल हो जाते हैं। डिपो संचालकों द्वारा तर्क दिया जाता है कि आटा, चावल खुले में रहने से वे खराब हो जाते हैं, जिससे सैंपल बाद में फेल हो जाते हैं। इसके अलावा चूहों द्वारा राशन को खाए जाने की भी कई शिकायतें खाद्य आपूर्ति विभाग के पास डिपो संचालकों की ओर से पहुंचती हैं।

इतना ही नहीं बारिश में आटा, चावल के खुले रहने से नमी आ जाने से भी खराब होने का डर लगा रहता है। कई बार डिपो संचालकों को खराब राशन भी लोगों को बांटना पड़ता है। वहीं खाद्य आपूर्ति विभाग के सचिव सी पाल रासू का कहना है विभाग की ओर से डिपो संचालकों को आटा, चावल रखने के लिए ड्रम दिए जाएंगे। काउंटर भी दिया जाएगा। आटा, चावल समेत अन्य चीजों को चूहों और नमी से बचाने के लिए यह कदम उठाए जा रहे हैं।

दिसंबर से बंद लिफाफे में मिलेगी चीनी

अब लोगों को राशन डिपो से मिलने वाली खुली चीनी भी प्लास्टिक के बंद लिफाफे में मिलेगी, ताकि चीनी को नमी से बचाया जा सके। हर बार ग्राहकों की यही शिकायत रहती है कि उन्हें लेवी चीनी मिली है। नमी की वजह से चीनी खराब हो गई है और खाने लायक नहीं रही है। इसे देखते हुए सरकार ने बंद लिफाफे में डिपो में चीनी देने का निर्णय लिया है। दिसंबर से यह मिलना शुरू हो जाएगी।

You missed