मंडी| हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों से पहले एक बार फिर से चार्जशीट को लेकर राजनीति गरमाना शुरू हो गई है। कांग्रेस पार्टी प्रदेश भाजपा सरकार के खिलाफ चार्जशीट लेकर आ रही है। ऐसे में अब मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी कांग्रेस द्वारा तैयार की जा रही चार्जशीट को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार के पास कांग्रेस पार्टी के खिलाफ पूरी चार्जशीट पहले ही पड़ी हुई है और पूरी तरह से तैयार है। जिस दिन कांग्रेस चार्जशीट लाएगी, उसके बाद हम कांग्रेस के खिलाफ पिछली चार्जशीट पर कार्रवाई कर सकते हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हालांकि उनकी सरकार ने परंपराओं को बदला है। बदले की भावना व राजनीतिक प्रतिशोध, इस उद्ेश्य से सरकार ने काम नहीं किया है। वर्षों से जो परंपरा चली आ रही थी, उसे सरकार ने बदला है, लेकिन अगर कांग्रेस के लोग इसकी शुरुआत फिर करना चाह रहे हैं, तो कांग्रेस नेता अपनी बारी के लिए भी तैयार रहें।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने कांग्रेस की सरकार के समय में चार्जशीट बनाई है, उस पर सरकार कार्यवाही करेगी और कांग्रेस के समय में हुए मामलों पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और अन्य पर कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जा सकती है। वहीं, इससे पहले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंगलवार को मंडी जिला के सराज विधानसभा क्षेत्र स्थित शिकावरी में देव विष्णु मतलोरा मंदिर में पूजा अर्चना की। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों के लिए मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजनाए सहारा योजना, हिमकेयर, शगुन योजना जैसी कई योजनाएं वरदान साबित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के 400 करोड़ की तुलना में वर्तमान प्रदेश सरकार सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान करने में 1300 करोड़ रुपए व्यय कर रही है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने मंडी जिला की थुनाग तहसील के शिकावरी में आठ करोड़ रुपए से अधिक लागत की पांच विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी डा. साधना ठाकुर भी उपस्थित थे।
हमने राजनीतिक भेदभाव की रीत खत्म की
मंगलवार को सीएम जयराम ठाकुर अपने गृह विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान शिकावरी में पत्रकारों से अनौपचारिक वार्ता के दौरान बोले कि हिमाचल प्रदेश के मौजूदा भाजपा सरकार ने बीते साढ़े चार वर्षों के कार्यकाल में जनहित के कई कार्य किए। इसके साथ ही कई दशकों से चली आ रही बदले और राजनीतिक भेदभाव की रीत को समाप्त कर समग्र विकास पर जोर दिया है। यदि इसके बावजूद कांग्रेस चुनावों के समय लोगों को बरगलाने के लिए चार्जशीट दायर करने की बात कह रही है, तो उन्हें यह बात जान लेनी चाहिए कि भाजपा के पास भी कांग्रेसियों की पूरी चार्जशीट है।
