बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को बिलासपुर सदर विधानसभा क्षेत्र में 208 करोड़ के उद्घाटन और शिलान्यास किए। कंदरौर स्कूल में जनसभा के दौरान सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि एक दिन में पांच उद्घाटन 19 शिलान्यास इतिहास में पहली बार बिलासपुर विस क्षेत्र में हुए हैं। सीएम ने विधायक जेआर कटवाल के कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि बिलासपुर गर्म इलाका है, इसकी तासीर भी गर्म है। थोड़ी सी बात बिगड़ी तो संभालनी मुश्किल हो जाती है।
सीएम ने कहा हम पहाड़ी हैं- नाटी डालकर खुश हो जाते हैं, लेकिन बिलासपुरी छिंज के बिना नहीं मानते। आज गर्व का विषय है की बिलासपुर की धरती पर एम्स खड़ा है। पीएम नरेंद्र मोदी से बात की है कि वे जून माह में हिमाचल आएं और एम्स को पूरी तरह लोगों को समर्पित करें। हिमाचल छोटा सा प्रदेश है लेकिन पीएम के दिल के करीब है।
