शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से पिछले कल दिल्ली में मिलने के बाद आज मीडिया से रूबरू हुए। उपचुनाव में मिली हार ही जीत के द्वार तक पहुंचाएगी। हर बार श्रद्धांजलि के नाम पर जनता वोट नहीं करेगी।जयराम ठाकुर ने अपनी चार वर्ष की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा इस दौरान हिमाचल सरकार गरीबों के साथ खड़ी रही। गरीबों के लिए जो योजनाएं चलाई गई, उन्हें जमीनी स्तर पर पहुंचाया गया जिसके लाभ से गरीबों का उत्थान हुआ है और जो अंतिम एक वर्ष में चुनाव से पूर्व जो समय बचा है उसमें जनता के लिए और काम किया जाएगा।
पत्रकारों द्वारा मंत्रिमंडल में बदलाव की आशंका को लेकर पूछे गए प्रश्न के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा समय आने पर जो होगा वह पता चल जाएगा। उन्होंने मंत्रिमंडल में फेरबदल होने से इनकार नहीं किया। उन्होंने कहा कि वह मंत्रिमंडल के कार्यों से संतुष्ट हैं लेकिन अभी भी और तेजी से कार्य करने की जरूरत है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री से हुई मुलाकात का जिक्र करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी से मंडी दौरे के बाद भी बिलासपुर एम्स के उद्घाटन के लिए आने को लेकर बात हुई है। चुनावी वर्ष के दौरान उनके कई कार्यक्रम हिमाचल के लिए बनाए जाएंगे। हिमाचल के लंबित प्रोजेक्ट को मंजूरी प्रदान करने के लिए भी उनसे कहा गया है जिसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आश्वासन दिया है।
ओमिक्रोन की जांच के लिए सैंपल भेजे गए हैं लेकिन अभी तक कोई भी मामला हिमाचल प्रदेश में नहीं आया है। पर्यटकों के आगमन से ओमिक्रोन न फैले इसके लिए निर्देश जारी किए गए हैं और पुलिस को निरीक्षण और निगरानी करने के लिए कहा गया है।
