Spread the love

मंडी। जिला के सराज विधानसभा क्षेत्र की बालीचौकी तहसील के सोमनाचनी के गांव बूंग में तेंदुए ने एक पालतू जर्सी गाय को महिला के सामने ही उठा लिया और मार डाला। पूर्व उपप्रधान लालमन ने बताया कि उसकी बहू खिला देवी बीती शाम रोज की तरह अपनी गायों को चराने के लिए खेत में ले गई थी। दो जर्सी गायों के साथ-साथ अन्य मवेशी भी थे। खेत के एक कोने से अचानक तेंदुआ बाहर आया और सीधा गाय पर झपट पड़ा और उसे गले से दबोचते हुए ले गया। खिला देवी ने जोर-जोर से शोर मचाया तो आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए। मगर तब तक तेंदुआ एक गाय को अपना शिकार बना चुका था। शोर होने व ज्यादा लोगों के आ जाने से तेंदुआ गाय को मारकर झाड़ियों में ही फेंक कर भाग गया।

लालमन ने बताया कि इससे पहले तेंदुआ कई भेड़ बकरियों व कुत्तों को अपना शिकार बना चुका है।पालतू जर्सी गाय को शिकार बना डालने से पूरे इलाके में दहशत है।लालमन की सूचना पर पशुपालन व राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची तथा मारी गई गाय का मुआयना करके अपनी रिपोर्ट बनाई। उन्होंने इस बारे में वन विभाग व बालीचौकी पुलिस को भी सूचित कर दिया हैं। वन विभाग से मांग की गई है कि इससे पहले कि यह तेंदुआ आदमख़ोर हो जाए, इसे पिंजरा लगाकर पकड़ा जाए व गाय का मुआवजा दिया जाए।

You missed