Spread the love

शिमला। संस्थागत क्वारंटाइन नियमों की अवहेलना करने पर महाराष्ट्र के दो सेब कारोबारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। दोनों कारोबारी सेब सीजन के लिए पिछले दिनों शिमला पहुंचे थे। यहां उन्हें ढली थाना क्षेत्र के तहत होटल पाईन ब्यु नार्थ ओक में संस्थागत क्वारंटाइन किया गया। पुलिस के अनुसार दोनों का यहां पर कोविड टैस्ट हुआ, लेकिन इसकी रिपोर्ट आने से पहले ही दोनों क्वारंटाइन तोड़कर होटल से निकलकर पराला मंडी पहुंच गए।

इन दोनों ने क्वारंटाइन नियमों का उल्लंघन किया है तथा अन्य लोगों के जीवन को खतरे में डालने का प्रयास किया है। ढली पुलिस ने इनके विरूद्व ढली थाना में आईपीसी की धाराएं (188, 269, 270, 271 व 34) के तहत केस दर्ज कर लिया है और कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। शिमला में सेब सीजन समेत अन्य कार्यों के लिए बाहरी राज्यों से आने वालों को सात दिन का क्वारंटाइन आवश्यक है। राजधानी में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इससे प्रशासन के साथ-साथ आम लोगों में भी भय का माहौल है।

शुक्रवार सुबह तक के आंकड़ों के मुताबिक शिमला में कोरोना के 165 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें एक्टिव केस 100 हैं। 62 संक्रमितों ने कोरोना को मात दी है, जबकि 2 की मृत्यु हुई है।

You missed