Spread the love

मंडी। बल्ह थाना क्षेत्र में एससी/एसटी एक्ट का एक और मामला सामने आ गया। अनुसूचित जाति के एक श्रद्धालु के यहां देवता के लिए भोज की तैयारी के दौरान नाचन भाजपा मंडल के पूर्व पदाधिकारी पर बर्तन तोड़ने और भोज के चूल्हे में पानी फेंकने के आरोप लगे हैं। शिकायत पर पुलिस ने एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार बल्ह थाने मेें नरपत गांव त्रयामली डाकघर ब्रिखमणी ने शिकायत पत्र दिया कि पहली मार्च को उसके घर देवता की धाम थी।

वह रात को ही देवता के साथ आए लोगों के लिए भोज की तैयारी कर रहा था। इसके घर सराज के थाची से देवी और देवता ठहरे थे। रात को वह कुछ अन्य लोगों के साथ आने वाले मेहमानों के लिए भोजन बना रहे थे तो आरोपी नरेंद्र कुमार पुत्र देवकीनंदन गांव त्रियांबली उनके घर पहुंचा। उसने उन्हें जातिसूचक शब्द कहे और चूल्हे में पानी डालकर खाने की सामग्री को बाहर फेंकने के अलावा बर्तन तोड़फोड़ कर चला गया। उधर एसएचओ बल्ह राजेश ठाकुर ने कहा कि शिकायत पर पुलिस ने बल्ह थाने में अभियोग संख्या 65/20 के तहत एससी/एसटी एक्ट का मुकदमा दर्ज किया है। दूसरी और शिकायतकर्ता ने तमाम बाधाओं के बाद रविवार को देवता के भोज का आयोजन किया।

You missed