ऊना| सूबे में भाजपा सरकार चंद दिनों की मेहमान है। यह बात नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्रिहोत्री ने कहीं। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर एक्सीडेंटल चीफ मिनिस्टर है। अगर उनमें दम है तो दोबारा मुख्यमंत्री बनकर दिखाएं। मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि प्रदेश में विधानसभा चुनावों में भाजपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा। प्रदेश की जनता भाजपा शासन से तंग आ चुकी है। राज्य में महंगाई, भ्रष्टाचार व बेरोजगारी चरम पर पहुंच गई है। भाजपा विधानसभा चुनावों में दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनते ही पिछले छह माह के भाजपा सरकार के निर्णयों की समीक्षा की जाएगी। वहीं, पुलिस भर्ती घोटाले की भी जांच कर दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनते ही पहली कैबिनेट बैठक में कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन का तोहफा दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी राज्य के खर्चे पर कर्मचारियों को पेंशन देगी तथा इसके लिए केंद्र से मदद की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा कर्मचारी, युवा, महिला, मजदूर, व्यापारी व किसान विरोधी है। भाजपा शासन से हर वर्ग दुखी है। मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि चुनावी बेला पर भाजपा कभी बल्क ड्रग पार्क के शगूफे छोड़ रही है, तो कभी अन्य भ्रमित करने वाले कार्य कर जनता को बरगलाने में लगी है। मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि भाजपा सरकार से पांच साल में न तो मंडी हवाई पट्टी बनी न ही हमीरपुर में रेल पहुंची। उन्होंने कहा कि युवाओं को अग्रिवीर भर्ती के नाम पर ठगा गया। मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस का आना तय है।

You missed