शिमला| हिमाचल में सटार वार शुरू होने वाला है। मुख्य राजनीतिक दलों कांग्रेस और भाजपा समेत आम आदमी पार्टी ने भी अपनी लिस्ट जारी कर दी है। 25 अक्टूबर को नामांकन का आखिरी दिन है। 29 अक्तूबर को नाम वापस लेने का दिन है और इसी दिन निर्दलीय प्रत्याशियों को भी चुनावचिन्ह् बांट दिए जाएंगे। ऐसे में 30 अक्तूूबर से स्टार प्रचारक प्रचार की बागडोर संभाल लेंगे। भाजपा और कांग्रेस दोनों ने ही स्टार प्रचारकों की सूची में इस बार 40-40 नाम शामिल हैं। भाजपा की बात करें तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक इस सूची में शामिल हैं।भाजपा की सूची में प्रधानमंत्री समेत राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी और योगी आदित्यनाथ का नाम शामिल है।
2017 के विधानसभा चुनाव में योगी आदित्यनाथ की जनसभा सिरमौर और सोलन जिला में हुई थी। कांग्रेस की बात करें तो प्रियंका गांधी 31 अक्टूबर को हिमाचल आने वाली हैं। वे मंडी में जनसभा को संबोधित करेंगी और इसी दिन से कांग्रेस के अन्य स्टार प्रचारकों का आवागमन भी शुरू हो जाएगा। कांग्रेस ने जो 40 नेताओं की सूची तैयार की है उसमें निर्वतमान अध्यक्ष सोनिया गांधी, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, राहुल गांधी, प्रियंका गाधी वाड्रा, अशोक गहलोत, भूपेश बघेल, आनंद शर्मा और मुकुल बासनिक का नाम शामिल है। इस सूची में हिमाचल की ओर से प्रतिभा सिंह, मुकेश अग्रिहोत्री और सुखविंद्र सुक्खू स्टार प्रचारकों में शामिल हैं।
