मंडी| व्यक्ति के खाते से आनलाइन डेढ़ लाख रुपये चुराने वाले आरोपित को मंडी साइबर सेल की टीम ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपित ने मंडी के मसेरन निवासी को बैंक कर्मचारी बनकर इस ठगी को अंजाम दिया था।इसकी पहचान 26 वर्षीय लाल कुमार पुत्र मोतीदास निवासी गिरदीह, झारखंड के रूप में हुई है। यह वर्तमान में दक्षिण दिल्ली के पालम गांव से ठगी को अंजाम दे रहा था।मसेरन निवासी मुकेश ने पांच अक्टूबर को सदर थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसके खाते से किसी ने डेढ़ लाख रुपये निकाल लिए हैं। उन्हें एक फोन आया था, जिसमें सामने वाले व्यक्ति ने उन्हें बैंक कर्मचारी बताकर उनके खाते को अपडेट करने के लिए खाते की जानकारी मांगी जो उन्होंने दे दी।

इसके बाद उनके खाते से थोड़ी देर बाद डेढ़ लाख रुपये की राशि गायब हो गई। मामला साइबर क्राइम से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने इसे साइबर सेल को भेज दिया। साइबर सेल के हेड कांस्टेबल विशाल कंवर ने इस मामले की जांच शुरू की। जिस नंबर से फोन आया था तथा जिस खाते में पैसे डाले गए उसकी छानबीन की गई और इसी आधार पर मामले की कडिय़ां जुड़ती गईं और जिसके सहारे पुलिस आरोपित तक पहुंची और उसे दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। आरोपित को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

ठगी के मामले की जांच में आरोपित के पास एक क्रेडिट कार्ड, चार बैंक खाते, चार आधार कार्ड जिसमें नाम एक पर पते अलग-अलग थे, लैपटाप, तीन सिम कार्ड मिले हैं। इसके खातों में 25 लाख रुपये की राशि मिली है, जो इसने देश भर में ठगी करके इकट्ठा किए थे। आरोपित इन चार नकली आधार कार्ड के जरिए ही सिम खरीदकर काल करता था। इसके साथ अभी और कितने लोग शामिल हैं इसकी छानबीन भी पुलिस कर रही है। इसके खातों को भी सील करने की कार्रवाई की जा रही है।

You missed