धर्मशाला। प्रदेश के पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री के कांगड़ा (Kangra) दौरे पर आते ही आरोपों और सवालों की झड़ी लगा दी है. उन्होंने धर्मशाला को दूसरी राजधानी की घोषणा, जो कांग्रेस (Congress) सरकार में हुई थी, उसे लेकर भी जयराम सरकार (Jairam Thakur) पर आरोप लगाए हैं. उन्होंने अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री जीएस बाली (GS Bali) की तरह ही कांगड़ा जिला की अनदेखी की बात कही है. उन्होंने कहा कि कांगड़ा लगातार हाशिये पर सिमटता जा रहा है.सुधीर शर्मा ने कहा कि ये सरकार सेंट्रल यूनिवर्सिटी का मसला भी हल नहीं कर पाई है. सिर्फ चुनावों में भाजपा को इसकी याद आती है.
उन्होंने कहा भाजपा में अंतरकलह ही इतनी है कि काँगड़ा-हमीरपुर के साथ पूरे प्रदेश में सिर्फ चुनाव का इंतज़ार है.सुधीर ने कहा कि मुख्यमंत्री पालमपुर में नगर निगम की घोषणा करते हैं और फिर कुछ नहीं होता, यहीं से पद और शब्दों की गंभीरता का पता चलता है, ऐसा कभी कांग्रेस सरकार में नहीं होता और तुरंत घोषणाओं को पूरा करने की रिवायत कांग्रेस में है. उन्होंने आईटी पार्क और स्मार्ट सिटी धर्मशाला को लेकर कहा कि सरकार ने सारा बजट दूसरे कार्यों में डाइवर्ट कर दिया है, जिस से स्मार्ट सिटी में जो काम होने थे सभी रुक गए और आईटी पार्क को शिमला शिफ्ट कर दिया गया. इस तरह की हरक़तों से ज़ाहिर होता है कि ये सरकार कांगड़ा के साथ भेदभाव कर रही है.
उन्होंने पूछा कि कांगड़ा में हवाई अड्डे का विस्तार कब होगा?, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर इन सब विकास और भ्रष्टाचार के मामलों का जबाव भी कांगड़ा की जनता को देकर जाएं. गौरतलब है कि सीएम जयराम छह अगस्त से 9 अगस्त तक कांगड़ा के दौरे पर हैं.
