कुल्लू। जिला के पतलीकूहल क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सडक़ हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा थाना पतलीकूहल के समीप पुल पर हुआ, जहां एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पुल के पैरापिट से टकराने के बाद नीचे नाले में जा गिरी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और राहत दल ने नाले से दो युवकों के शव बरामद किए, जिनकी पहचान कृपा राम और विक्रम के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदशी के बयान के अनुसार मोटरसाइकिल चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था। इसी दौरान बाइक पुल के पैरापिट से टकरा गई, जिससे दोनों युवक गहरी खाई में नाले के भीतर जा गिरे।
हादसा इतना भीषण था कि चालक कृपा राम और पीछे बैठे विक्रम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शी के बयान के आधार पर थाना पतलीकूहल भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को दाह संस्कार के लिए सौंप दिए गए हैं। मामले की पुष्टि एसपी कुल्लू मदन लाल ने की है ।
