शिमला. हिमाचल प्रदेश की सत्ता पर दोबारा काबिज होने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपना पूरा जोर लगा दिया है. विधानसभा चुनाव को देखते हुए अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रदेश की राजधानी शामिल के दौरे पर आएंगे. जानकारी के मुताबिक, पीएम मोदी 31 मई को शिमला आएंगे, जिसके लिए यहां तैयारियां जोरो-शोरों से चल रही है. बता दें कि केंद्र सरकार के कार्यकाल के 8 साल पूरे होने पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन भी किया जा रहा है. वहीं पीएम के दौरे के देखते हुए शिमला प्रशासन ने रिज और मॉल रोड से सटे 3 प्राइवेट स्कूलों को छुट्टी के आदेश दिए हैं.
दरअसल ऐतिहासिक रिज मैदान में होने वाले केंद्र सरकार के कार्यक्रम में भारी संख्या में लोग पहुंचेंगे. इसी भीड़ को देखते हुए डीएवी लक्कड़ बाजार, दयानंद स्कूल और सेंट थॉम्स स्कूल में 31 मई को छुट्टी कर दी गई है.
जिला प्रशासन के निर्देशों पर छुट्टी के आदेश दिए गए हैं. इस छुट्टी के पीछे भारी भीड़, ट्रैफिक और पीएम की सुरक्षा का हवाला दिया गया है. इस पर News18 की टीम जिलाधीश आदित्य नेगी का पक्ष जानने उपायुक्त कार्यालय पहुंची. डीसी ने कैमरे पर बात करने से मना कर दिया. ऑफ कैमरा उन्होंने कहा कि स्कूलों में छुट्टी को लेकर कोई आदेश नहीं दिए गए हैं बल्कि ये इन स्कूलों से कहा गया है कि आप तय करें कि क्या करना है.
आदित्य नेगी ने ये भी कहा कि इस संबंध में कोई अभिभावक भी शिकायत लेकर उपायुक्त कार्यालय नहीं आया है. पीएम मोदी के दौरे को लेकर उन्होंने कहा कि मैं कैमरे पर बोलने के लिए अधिकृत नहीं हूं, सामान्य प्रशासन विभाग ये कार्यक्रम करवा रहा है, उनकी ओर से जो आदेश और निर्देश आ रहे हैं, उनकी पालना की जा रही है.
