Spread the love

सोलन।पहले लैंडस्लाइड और बाद में पूरी ही पहाड़ी के गिरने के कारण पिछले करीब 24 घंटे से सोलन-बागथन रोड फागला के समीप पूरी तरह बंद है, जिससे क्षेत्र की करीब आधा दर्जन पंचायतों के लोगों की आवाजाही प्रभावित हो गई है। उधर, सड़क से मलबा हटाने में जुटी एक जेसीबी भी इसकी चपेट में आ गई और जेसीबी का चालक व परिचालक जख्मी हो गए हैं। इनमें से एक घायल को उपचार के लिए सोलन अस्पताल ले जाया गया। लोक निर्माण विभाग सड़क को खोलने में जुटा है, लेकिन आज इसके खुलने की बहुत कम उम्मीद है क्योंकि यहां पूरा ही पहाड़ सड़क पर आ गिरा है।
जानकारी के मुताबिक बीते दिन करीब तीन बजे फागला के समीप अचानक भारी भूस्खलन हो गया, जिससे रोड पूरी तरह बंद हो गया। हालांकि लोक निर्माण विभाग ने तुरंत मौके पर दो जेसीबी मशीनें भेजी, लेकिन शाम के समय करीब 9 बजे पूरी ही पहाड़ी गिर गई और एक जेसीबी भी इसकी चपेट में आ गई। इस कारण जेसीबी चालक व परिचालक दोनों को चोटें भी आई हैं, जिनमें से एक को सोलन अस्पताल ले जाना पड़ा। इस रोड के बंद होने से यहां से हर रोज गुजरने वाली 5-6 बसों सहित सैकड़ों निजी वाहनों की आवाजाही भी ठप हो गई है, जिस कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम पंचायत वासनी, जयहर, चमेंजी, व मानगढ़ आदि के ग्रामीणों ने विभाग से जल्द से जल्द इस रोड को खोलने की मांग की है, ताकि त्योहारी सीजन में लोगों को आवाजाही करने में परेशानी न हो।
उधर, लोक निर्माण विभाग के जेई दिशान्त कुमार ने बताया कि रोड को खोलने के लिए दो जेसीबी मशीनें लगाई हुई हैं, लेकिन पूरी पहाड़ी गिरने के कारण बहुत ज्यादा मलबा व चट्टानें सड़क पर आ गिरी हैं, जिस कारण इसे खोलने में काफी समय लग सकता है। उन्होंने स्वयं भी मौके का मुआयना किया। विभाग पूरी कोशिश कर रहा है कि जल्द से जल्द रोड को खोल दिया जाए।

By Ashwani

You missed