जिला कांगड़ा में 124 किलोमीटर पठानकोट-मंडी और 54 किलोमीटर मटौर-शिमला फोरलेन का निर्माण किया जाएगा। पठानकोट-मंडी फोरलेन निर्माण के लिए पांच पैकेज और सब पैकेज जबकि मटौर-शिमला फोरलेन के लिए तीन पैकेज और सब पैकेज निर्धारित किए हैं। दोनों फोरलेन के निर्माण के लिए नूरपुर, जवाली, शाहपुर, कांगड़ा, नगरोटा बगवां, पालमपुर, ज्वालामुखी व देहरा उपमंडलों की भूमि चयनित की है।
फोरलेन निर्माण बाबत डीसी कांगड़ा डा. निपुण जिंदल ने मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय परिसर के सभागार में समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा, फोरलेन निर्माण की जद में आने वाले भवनों की लागत की मूल्यांकन प्रक्रिया का कार्य प्रगति पर है। डीसी ने फोरलेन निर्माण के लिए भू-अधिग्रहण, पेड़ों, मकानों व भवनों की गणना का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
पठानकोट-मंडी फोरलेन का काम कंडवाल से लेकर सिहुंणी तक शुरू हो चुका है। अभी पैकेज व सब पैकेज के तहत काम शुरू होना शेष है। ऐसे में समीक्षा बैठक निर्माण कार्य के रफ्तार पकडऩे में कारगर सिद्ध हो सकती है। बैठक में एडीएम कांगड़ा रोहित राठौर और पठानकोट-मंडी व मटौर-शिमला फोरलेन से जुड़े अधिकारी भी मौजूद रहे।
