मोहाली। पंजाब के मोहाली शहर में कोरोना वायरस संक्रमित एक और पॉजिटिव केस सामने आया है। ब्रिटेन से लौटी मोहाली की 69 वर्षीय महिला कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई है और इसके साथ ही पंजाब में इस विषाणु से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। मोहाली के उपायुक्त गिरीश दयालन ने कहा, ‘‘मोहाली में फेज 3 ए की निवासी महिला कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘वह ब्रिटेन से लौटी थी।’ अधिकारी ने बताया कि उसके नमूनों की जांच स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान में की गई और अब उसे अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘जांच के लिए महिला के परिवार के दो और सदस्यों के नमूने लिए जाएंगे।

मोहाली में कोरोना वायरस का मामला सामने आने के बाद शहर में हड़कंप की स्थिति हो गई है। क्योंकि इससे पहले चंडीगढ़ में भी कोरोना वायरस का एक पॉजिटव केस सामने आ चुका है। जबकि कोरोना से संदिग्ध एक महिला मरीज को जिला प्रशासन की ओर से पीजीआई में भर्ती करवाया गया था। लेकिन महिला रात को मौका पाकर वहां से फरार हो गई। जैसे ही इसका पता पीजीआई प्रबंधन को लगा तो उन्होंने तुरंत मोहाली प्रशासन के अधिकारियों को सूचित किया।इसके बाद जिला प्रशासन ने तुरंत महिला के परिजनों से संपर्क किया और उसे अस्पताल में भर्ती करवाया।

वहीं, महिला के खिलाफ थाना फेज-8 में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। महिला पर बीमारी से लोगों का जीवन खतरे में डालने जैसी ही धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। डीसी गिरीश दियालन ने केस दर्ज करने की पुष्टि की है।

You missed