Spread the love

हिमाचल के सरकारी स्कूलों में सात सितंबर से शुरू होने वाली फर्स्ट टर्म परीक्षाओं का शुक्रवार को ट्रायल किया जाएगा। इस दौरान व्हाट्सएप ग्रुपों से जुड़े विद्यार्थियों को पासवर्ड से खुलने वाले प्रश्नपत्र भेजे जाएंगे। पासवर्ड अलग से भेजा जाएगा। विद्यार्थियों को परीक्षा पूरी करने के बाद आंसरशीट को व्हाट्सएप के जरिये ही फोटो खींचकर वापस भेजना होगा। फर्स्ट टर्म परीक्षा शुरू होने से पहले विद्यार्थियों की सहूलियत और परीक्षा के पैट्रन की समझ के लिए यह ट्रायल किया जा रहा है। करीब तीन लाख विद्यार्थियों का इस असेसमेंट से ज्ञान जांचा जाएगा।

नौवीं से जमा दो कक्षा की फर्स्ट टर्म परीक्षाएं ऑनलाइन ली जाएंगी। विद्यार्थियों को परीक्षा पूरी करने के बाद आंसरशीट की फोटो व्हाट्सएप ग्रुप में अपलोड करनी होगी। आंसरशीट के हर पन्ने पर अपना नाम, रोल नंबर और पेज नंबर लिखना होगा। परीक्षा शुरू और समाप्त होने की सूचना व्हाट्सएप से ही शिक्षक को देनी होगी। जो विद्यार्थी व्हाट्सएप ग्रुप से नहीं जुड़े हैं, उन्हें शिक्षकों की ओर से घरों में प्रश्नपत्र उपलब्ध करवाए जाएंगे। 
प्रश्नपत्र हर घर पाठशाला वेबसाइट पर अपलोड होंगे:  शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने बताया कि प्रश्नपत्रों को हर घर पाठशाला वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा। शिक्षक इस वेबसाइट से प्रश्नपत्र अपलोड करने के बाद विद्यार्थियों को व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से भेजेंगे। प्रश्नपत्र एक पासवर्ड से लॉक होंगे। शिक्षकों को उपनिदेशकों के माध्यम से पासवर्ड उपलब्ध करवाए जाएंगे। अगर पासवर्ड को लेकर कोई समस्या पेश आती है तो संबंधित शिक्षक को निदेशालय की ओर से प्रश्नपत्र ई-मेल पर भेजा जाएगा।

You missed