मंडी| हिमाचल के मंडी स्थित सरकाघाट के प्रमुख कपड़ा व्यापारी हरीश आनंद पर जल शक्ति विभाग में नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी के आरोप में नीलकमल ने रविवार को मुकदमा दर्ज कराया था। जिसके बाद हिमाचल के अलग-अलग जिलों से हरीश आनंद पर केस दर्ज कराने के लिए कई लोग सरकाघाट थाने पहुंचे। इन लोगों से भी आरोपी ने नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी की है।
सोमवार को खुड़ला की सुनीता देवी, घुमारवीं के सुखराम, टिकरी के धर्मपाल और प्रकाश चंद, धर्मपुर से राजेश और कोट से कैप्टन शमशेर थाने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बताया कि आरोपी हरीश चंद ने उन्हें जल शक्ति मंत्री और उनके परिवार के साथ संबंध होना बताकर नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी की है। आरोपी ने सुनीता से 8, सुखराम से 5, धर्मपाल व प्रकाश चंद से 12, राजेश से 4 और शमशेर से 3 लाख की ठगी की।
गौरतलब है कि जल शक्ति विभाग में कई पदों पर नौकरी लगवाने को लेकर हरीश आनंद द्वारा पैसे लेने के मामले उजागर होने के बाद अब प्रदेश भर से कई लोगों के फोन पुलिस को आ रहे हैं। थाना प्रभारी सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि उनके पास आज 5 अन्य लोगों ने जालसाजी के मामले में हरीश आनंद के विरुद्ध केस दर्ज कराया है। जो बाहर के जिलों से आए हैं।
