शिमला : नैक की टीम इन दिनों हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला का निरीक्षण कर रही है। टीम के अध्यक्ष डा. अरुण के पुजारी की अगुआई में सात सदस्यीय टीम वीरवार को विश्वविद्यालय के छात्रावास, पुस्तकालय में गई और वहां पर सुविधाओं का जायजा लिया। पुस्तकालय में कितनी किताबें है, कितने रिसर्च जर्नल हैं। इनमें पांच साल में कितनी बढ़ोतरी हुई है, इसका पूरा रिकार्ड देखा।इसके बाद प्रशासनिक भवन, परीक्षा शाखा सहित विभिन्न शैक्षणिक विभागों में सुविधाओं का जायजा लिया। सबसे अहम जानकारी शिक्षक भर्ती को लेकर जुटाई गई। टीम के सदस्यों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से पूछा कि पांच वर्ष में कितनी भर्तियां हुई हैं। कितनी भर्तियां अभी प्रस्तावित हैं। दिनभर चली निरीक्षण प्रक्रिया के दौरान विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारियों व अधिकारियों ने नैक की टीम को जानकारी प्रदान की। नैक की टीम ने शैक्षणिक विभागों का भी दौरा किया। इस दौरान विभागों की ओर से प्रस्तुति भी दी गई। इस दौरान अलग-अलग विभागों में पीएचडी कर रहे शोधार्थियों की जानकारी ली। नैक की टीम के दौरे के कारण विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी व कर्मचारी शाम तक परिसर में ही रुके रहे। शाम के समय नैक की टीम के साथ बैठक हुई और ग्रेड सुधारने पर चर्चा हुई। वर्तमान में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला का ग्रेड ए है।नैक की टीम ने दूसरे दिन अपने हिसाब से विश्वविद्यालय का दौरा किया। बताया जा रहा है कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने जो कार्यक्रम बना रखा था, नैक की टीम ने उस कार्यक्रम की जगह अपने हिसाब से विश्वविद्यालय का दौरा किया और मौके पर स्थिति देखते हुए उसका मूल्यांकन किया।
