शिमला. मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री के बीच चल रही जुबानी जंग हर दिन तेज होती दिख रही है. अब शनिवार को अग्निहोत्री ने मुख्यमंत्री को ऑब्सेसिव कंपल्सिव डिसऑर्डर का मरीज बता डाला. जिला मुख्यालय के सर्किट हाउस में आयोजित की गई पत्रकार वार्ता के दौरान नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री मुख्यमंत्री पर खासे उग्र नजर आए. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को अब हर वक्त मुकेश अग्निहोत्री ही दिखाई दे रहा है. वहीं मुख्यमंत्री की भाषा और शैली से हताशा और निराशा साफ नजर आ रही है. नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री जिस भाषा का प्रयोग करेंगे, उन्हें उसी भाषा में जवाब भी दिया जाएगा. नेता प्रतिपक्ष एक बार फिर दोहराया कि भाजपा की सरकार अब जाने वाली है और आने वाला वक्त कांग्रेस का है.
हिमाचल प्रदेश के दो शीर्ष नेताओं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री के बीच चल रही जुबानी जंग थमने का नाम नहीं ले रही है. दोनों नेता तू डाल डाल मैं पात पात की तर्ज पर एक दूसरे के खिलाफ गाहे बगाहे आक्रामक हमले कर रहे हैं. इसी कड़ी में शनिवार देर शाम नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने ऊना जिला मुख्यालय के सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एक बार फिर से प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मानसिक बीमारी ऑब्सेसिव कंपल्सिव डिसऑर्डर बीमारी से पीड़ित हैं. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को किसी मनोचिकित्सक से जांच करवानी चाहिए. वहीं उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बार बार रिवाज बदलने ने की बात कर रहे हैं लेकिन उन्हें यह समझ लेना चाहिए की रिवाज नहीं बदलता, बदलता है तो सिर्फ राज, ताज और सरकारें बदलती हैं. मुकेश ने कहा है कि जब से भाजपा हिमाचल में चार उपचुनाव हारी है तब से मुख्यमंत्री को सिंहासन से उतरने का मानसिक डर सत्ता रहा है और इसी डर के चलते उनकी जुबान पर सोते जागते उठते बैठते बार बार मुकेश अग्निहोत्री का ही नाम आ रहा है.
नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सीएम जयराम चाहते है कि कोई ऐसा सम्राज्य स्थापित हो जहां सिर्फ वो अकेले ही हो कोई विपक्ष न हो, लेकिन वो नहीं जानते यह लोकतंत्र है और लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकारी है. मुकेश ने कहा कि सीएम जयराम ठाकुर कांग्रेस की जनसभाओं और रैलियों में उमड़ रही भीड़ को देख घबरा गए है. कभी मुख्यमंत्री को मेरे वीडियो बनाने से भी आपत्ति होने लग गई है और मुख्यमंत्री समय निकालकर इन वीडियो को छिप छिपाकर देखते भी जरूर हैं. मुकेश ने कहा कि प्रदेश की जनता हो या कर्मचारी हो हर वर्ग की आवाज को उठाना विपक्ष का जिम्मा है और विपक्ष अपनी जिम्मेवारी को बखूबी निभा भी रहा है. मुकेश ने सीएम जयराम ठाकुर को चेतावनी दी की अगर आप लक्ष्मण रेखा पार करेंगे तो हम भी पीछे नहीं रहेंगे. वहीं मुकेश ने जहां तक कह डाला कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर चाबी से चलने वाले खिलौना मात्र है और जिसकी चाबी कौन भरता है यह भी उन्हें सब मालूम है.
