शिमला| देश के सैन्य अधिकारी और जवान हिमाचल के निजी विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे। स्नातकोत्तर डिग्री के साथ पीएचडी भी कर पाएंगे। निजी विश्वविद्यालयों में राष्ट्रीय सुरक्षा और रणनीति जैसे कोर्स भी शुरू होंगे। इसके अलावा कई महत्वपूर्ण विषयों पर शोध कार्य भी होगा। मंगलवार को आर्मी ट्रेनिंग कमांड (आरट्रैक) शिमला ने प्रदेश के छह निजी विश्वविद्यालयों के साथ इसको लेकर एमओयू साइन किया। सैन्य अधिकारी और जवान स्टडी लीव लेकर उच्च शिक्षा के लिए जाते हैं। विश्वविद्यालयों में पीएचडी की सीटें काफी कम होती हैं, जिसके कारण वे दूसरे राज्यों का रुख करते हैं। भारतीय सेना में हिमाचल से संबंध रखने वाले हजारों सैन्य अधिकारी और जवान हैं।
वे भी अपनी उच्च शिक्षा प्रदेश की बजाय दूसरे राज्यों से करते हैं। अब वे अपने राज्य या घर के नजदीक ही उच्च शिक्षा ले सकेंगे।हिमाचल प्रदेश निजी शिक्षण संस्थान नियामक आयोग की पहल पर यह एमओयू साइन किया गया। आयोग काफी समय से इस पर कार्य कर रहा था। निजी विश्वविद्यालयों के पास शोध करने के लिए लैब, शोधार्थी से लेकर आधारभूत ढांचा मौजूद है। आयोग के अध्यक्ष मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) अतुल कौशिक ने बताया कि यह एमओयू सेवारत सैन्य कर्मियों के लिए उच्च शिक्षा और कौशल कार्यक्रम प्रदान करेगा।
