शिमला| सूबे में हो रहे उप चुनाव में मंडी लोकसभा और तीन विधानसभा क्षेत्रों में से एक-एक नामांकन रद कर दिया गया है। चार कवरिंग कैंडिडेट के नामांकन अस्वीकार होने के बाद अब 18 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। हालांकि 13 अक्टूबर को नामांकन वापसी का आखिरी दिन है, इस दिन शाम तक पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी कि किस सीट पर कितने प्रत्याशी मैदान में हैं। जुब्बल-कोटखाई हलके से आजाद उम्मीदवार केवल राम नेगी का नामांकन प्रस्तावक न होने की वजह से रद कर दिया गया। अब इस हलके में चार प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं।
वहीं कांगड़ा जिले के फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र से आजाद प्रत्याशी प्रेमचंद का नामांकन अधूरा फार्म भरने के कारण रद हो गया। फतेहपुर में अब पांच प्रत्याशी मैदान में हैं। यहां से जीत कुमार कांग्रेस के कवरिंग कैंडिडेट थे। मंडी लोकसभा सीट के लिए कुल आठ प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है, जिसमें से भाजपा और कांग्रेस से एक-एक कवरिंग कैंडिडेट थे। लोकसभा सीट के लिए अब छह उम्मीदवार मैदान में हैं।
उधर अर्की विधानसभा क्षेत्र से सभी नामांकन सही पाए गए हैं। अर्की से चार ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं, जिसमें एक कांग्रेस का कवरिंग कैंडिडेट था। वहां पर तीन उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। अब 13 अक्टूबर तक नामांकन वापस लिए जा सकते हैं।
मंडी लोकसभा सीट
- नाम, पार्टी
- ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर, भाजपा
- प्रतिभा सिंह, कांग्रेस
- अम्बिका श्याम, राष्ट्रीय लोकनीति पार्टी
- मुंशीराम ठाकुर, हिमाचल जनक्रांति पार्टी
- सुभाष मोहन स्नेही, आजाद
- अनिल कुमार, आजाद
जुब्बल कोटखाई
- नाम, पार्टी
- नीलम सरैक, भाजपा
- रोहित ठाकुर, कांग्रेस
- चेतन बरागटा, आजाद
- सुमन कदम, आजाद
फतेहपुर
- नाम, पार्टी
- बलदेव ठाकुर, भाजपा
- भवानी पठानिया, कांग्रेस
- डा. राजन सुशांत, हिमाचल पार्टी हमारी पार्टी
- पंकज कुमार, हिमाचल जनक्रांति पार्टी
- डा. अशोक कुमार सोमल, आजाद
अर्की
- नाम, पार्टी
- रतनपाल, भाजपा
- संजय अवस्थी, कांग्रेस
- जीतराम, आजाद
