किन्नौर : देश के प्रथम मतदाता मास्टर श्याम सरन नेगी का स्वास्थ्य ठीक नहीं है. उनकी आंखों की रोशनी कम हुई है और कान में भी दर्द रहता है. ऐसे में हिमाचल विधानसभा चुनाव 2022 के लिए उनके हौसले बुलंद हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से उनके स्वास्थ्य को लेकर ख्याल रखा जा रहा है. अब वे 12 नवंबर के बजाय आज फॉर्म 12D पर ही अपने मत का प्रयोग घर पर करेंगे. इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी आबिद हुसैन रिटर्निंग अधिकारी शशांक गुप्ता व अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहेंगे. मतदान के लिए उत्साहित: देश के प्रथम मतदाता 1951 के बाद पहली बार अपने घर से अपने मत का प्रयोग करेंगे. यह क्षण भी देश वासियों के लिए अहम होगा. ऐसी अवस्था में वे अपने मत के प्रयोग के लिए उत्साहित है. देश के प्रथम मतदाता मास्टर श्याम सरन नेगी के बेटे सीपी नेगी ने बताया कि श्याम सरन नेगी का स्वास्थ्य ठीक नहीं है. उनके कान में दर्द व आंखों की रौशनी कम हुई. ऐसे मे उन्होंने इस बात को प्रशासन के समक्ष रखा. जिसके बाद अब प्रशासन उनके घर पर आकर उनके पिता श्याम सरन नेगी के मतदान की प्रक्रिया को पूरा करेंगे.
(First Voter Shyam Saran Negi)प्रशासन जाएगा आज घर: जिला निर्वाचन अधिकारी आबिद हुसैन सादिक ने बताया कि देश के प्रथम मतदाता मास्टर श्याम सरन नेगी के स्वास्थ्य का ख्याल रखते हुए उन्हें घर पर ही मतदान करने के लिए प्रशासन उनके घर -द्वार जाएगा और फॉर्म नंबर 12 D पर वे आज अपने मत का प्रयोग करेंगे.
