नई दिल्ली| हिमाचल में सरकार बनाने को लेकर आश्वस्त दिख रहे प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने अब दिल्ली दरबार में हाजिरी भरनी शुरू कर दी है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर के बाद अब चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू और मेनिफेस्टो कमेटी के चेयरमैन धनीराम शांडिल भी दिल्ली पहुंच गए हैं।बताया जा रहा है कि सभी नेता आज दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष (AICC) मल्लिकार्जुन खड़गे, महासचिव प्रियंका गांधी समेत दूसरे राष्ट्रीय नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं। सूत्रों की मानें तो इस दौरान प्रतिभा सिंह मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर भी राष्ट्रीय नेताओं से मुलाकात कर सकती हैं। दिल्ली दौरे के दौरान प्रदेश कांग्रेस के सभी नेता राष्ट्रीय नेतृत्व को चुनाव का फीडबैक देंगे।
सूत्र बताते हैं कि प्रतिभा सिंह को यदि पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने का वक्त मिला तो उनसे भी इस विषय पर चर्चा संभावित है। गौरतलब है कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश में सरकार बनाने को लेकर आश्वस्त नजर आ रही है।पार्टी ने 5 दशक में पहली बार वीरभद्र सिंह के बगैर विधानसभा का आम चुनाव लड़ा है। ऐसे में यदि कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिलता है और पार्टी सरकार बनाने की स्थिति में होती है तो प्रदेश का मुख्यमंत्री कौन होगा, यह पार्टी हाईकमान तय करेगा।
हॉली-लॉज में प्रतिभा से मुलाकात कर चुके दिग्गज
इससे पहले प्रदेश कांग्रेस के बड़े दिग्गज नेता हॉली लॉज में हाजिरी लगा चुके हैं, क्योंकि हॉली-लॉज के आशीर्वाद के बगैर किसी का CM बनना आसान नहीं होगा। पार्टी ने लगभग 45 टिकट हॉली-लॉज समर्थकों को दिए हैं। 18 के करीब टिकट सुक्खू समर्थकों को मिले हैं।
प्रतिभा सिंह से यह दिग्गज कर चुके मंत्रणा
राम लाल ठाकुर, कौल सिंह ठाकुर, ठाकुर सिंह भरमौरी जैसे दिग्गज नेताओं की हॉली लॉज में प्रतिभा सिंह से मुलाकात के कई मायने निकाले जा रहे हैं। इनके अलावा नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू, आशा कुमारी, कौल सिंह ठाकुर भी CM की रेस में माने जा रहे हैं।
वरिष्ठता के आधार पर सोलन से कर्नल धनीराम शांडिल भी इस रेस में गिने जा सकते हैं। बताया जा रहा है कि दूसरे नेता भी जल्द दिल्ली का रुख कर सकते हैं।
