नई दिल्ली। सूबे में होने वाले हिमाचल विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अधिकतर सीटों पर प्रत्याशी तय कर लिए हैं, लेकिन कई कोशिशों के बावजूद घोषणा नहीं हो सकी है। शुक्रवार को दिल्ली में स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में 18 सीटों पर हुए विवाद के बाद पार्टी के कई नेता शनिवार को दिल्ली में ही डटे रहे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक कई नेताओं ने दिल्ली में प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह से मुलाकात की। इनमें भरमौर से ठाकुर सिंह भरमौरी के अलावा चंद्र कुमार, संजय रत्न, बंबर ठाकुर, चेतराम, सुरेंद्र पाल, हरिचंद शर्मा सहित कई नेता शामिल हैं। प्रतिभा सिंह ने सभी का पक्ष सुना और आश्वासन दिया कि हाईकमान के समक्ष उनकी बात को रखा जाएगा।
सोनिया गांधी से मिलेंगे नेता
बताया जा रहा है कि केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक से पहले कुछ नेताओं ने सोनिया गांधी से मिलने का समय मांगा है। सोनिया गांधी दिल्ली से बाहर थीं तो उनसे ये नेता नहीं मिल पाए हैं। पैनल में जिन नेताओं के नाम हैं, उनमें से कई का विरोध हो रहा है। इसी बात को सोनिया गांधी के समक्ष रखा जाएगा।
फोन पर टिकटों की सूचना देने पर विवाद
शुक्रवार को स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में नेताओं में तीखी नोकझोंक होने की सूचना है। वहीं, एक नेता ने बैठक में कहा कि पार्टी ने 40 टिकट तय कर प्रत्याशियों को फोन पर सूचना दी है। इस तरह का बयान आने से कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। इस तरह की बयानबाजी चुनाव के समय नहीं करनी चाहिए। टिकट देना पार्टी हाईकमान का अधिकार है। इसको लेकर बैठक में काफी विवाद हुआ, जिसके बाद मुकुल वासनिक को बैठक में बुलाया गया। उन्होंने पूरे मामले को शांत करवाया।
