हिमाचल प्रदेश में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां जोरों पर हैं. लिहाजा बीजेपी-कांग्रेस के बीच जुबानी जंग लगातार तेज हो रही है. विभिन्न सम्मेलन आयोजित कर बीजेपी और कांग्रेस सरकार बनाने के दावे कर रही है. इसी कड़ी में कांग्रेस द्वारा शुक्रवार को श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के माइना में एक महा सम्मेलन का आयोजन किया गया. जिसमें कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह एवं नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने विशेष तौर पर शिरकत की. सम्मेलन में प्रतिभा सिंह व मुकेश अग्निहोत्री ने केंद्र व प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा और जनता से हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनाने का आह्वान किया. मीडिया से बात करते हुए नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग यह कह रहे हैं कि इस बार प्रदेश में रिवाज बदलेगा, उनको आकर श्री रेणुका जी की फिजाएं देखनी चाहिए कि रिवाज बदलेगा या फिर सरकार बदलेगी. यह जयराम सरकार को बदलने की दिशा में एक कदम है. यही नहीं श्री रेणुका जी में कांग्रेस के समर्थन में उमड़ी भीड़ प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर एक ट्रेलर भी है और यहां की पावन धरती ने भी यह फैसला कर लिया है कि यहां से विनय कुमार के रूप में एक बार फिर कांग्रेस विधायक आगामी चुनाव में विधानसभा की चौखट लांघने जा रहा है. नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने मंडी में आयोजित होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित रैली पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के पांव लड़खड़ा रहे हैं. यही वजह है कि मुख्यमंत्री सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मंडी लेकर जा रहे हैं. हाल ही में इससे पहले भी मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री को मंडी लेकर गए थे और एक बार फिर उन्हें मंडी ही लेकर जा रहे हैं. इससे पता चलता है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को खुद पर भरोसा नहीं है, क्योंकि पिछले 5 साल में उन्होंने कुछ नहीं किया. मुख्यमंत्री की आंसर सीट खाली है. इसलिए बाहरी ताकतों का सहारा लेकर मुख्यमंत्री आगे बढ़ने का प्रयास कर रहे हैं. हिमाचल की जनता ने अब मन बना लिया है.
