मंडी। जिला में अवैध रूप से शराब तैयार करने के लिए स्पिरिट सप्लाई का कारोबार बद्दी व चंडीगढ़ से संचालित होता था। बाटलिंग प्लांट वालों को मनीमाजरा का रहने वाला अजय ग्रोवर चोरी छिपे स्पिरिट उपलब्ध करवाता था। उसने स्पिरिट सप्लाई का लाइसेंस लिया हुआ था। अजय ग्रोवर सिरमौर जिले के एक बाटलिंग प्लांट में नौकरी करता था। पिछले साल इस प्लांट से 11000 लीटर स्पिरिट गायब हुआ था। जांच में स्पिरिट गायब होने में अजय ग्रोवर की मुख्य भूमिका पाई गई थी। इसके बाद प्लांट प्रबंधन ने उसे नौकरी से निकाल दिया था। आरोपित ला ग्रेजुएट है व फर्राटेदार अंग्रेजी बोलता है।
आबकारी एवं कराधान विभाग के कार्यालयों में उसकी तूती बोलती थी। शुक्रवार को सुंदरनगर में एक लाजिस्टिक्स कंपनी के गोदाम से बरामद हुई 1400 लीटर स्पिरिट की खेप गलती से यहां पहुंच गई थी। लाजिस्टिक्स कंपनी ने गलती से स्पिरिट की खेप सुंदरनगर पहुंचा दी थी। स्पिरिट की यह खेप भी ऊना जिले के अम्ब में उतरनी थी। हमीरपुर के रंगस के एक मेडिकल स्टोर के संचालक के नाम पर इसकी बुकिंग हुई थी।
हमीरपुर जिले के गरने दा गलू में पकड़ी गई अवैध रूप से शराब बनाने की फैक्टरी पहले नादौन क्षेत्र में चलती थी। वहां से करीब छह माह पहले फैक्टरी शिफ्ट की गई थी। छह माह में गरने दा गलू फैक्टरी में लाखों लीटर स्पिरिट की चोरी छिपे सप्लाई हुई है। रंगस मेडिकल स्टोर के मालिक की स्पिरिट मामले में क्या भूमिका है, राज्य कर एवं आबकारी विभाग की टीम इसकी जांच कर रही है। बिल व अन्य रिकार्ड खंगाला जा रहा है। याद रहे कि जहरीली शराब पीने से मंडी जिला के सुंदरनगर क्षेत्र में सात लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद पुलिस की विशेष जांच टीम प्रदेभर में शराब के अवैध कारोबार पर कार्रवाई कर रही है।
