हिमाचल प्रदेश में आज सोमवार को भी मौसम ऐसा रहेगा देगा। मौसम विभाग ने आज छह जिलों किन्नौर, लाहुल स्पीति, चंबा, मंडी, कुल्लू व शिमला में आंधी और हिमपात का यलो अलर्ट जारी किया है। बिलासपुर, कांगड़ा, सोलन में भारी बारिश के साथ आंधी चलने की आशंका है। इन जिलों में सुबह और शाम धुंध के कारण दृश्यता प्रभावित होगी। शिमला व मनाली शहर में भारी बर्फबारी से जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित है। मनाली शहर में आधा फीट से ज्यादा हिमपात हो चुका है। वहीं, धर्मशाला के पर्यटन स्थल मैक्लोडगंज व नड्डी में भी भारी हिमपात हुआ है। मैक्लोडगंज व भागसू नाग में सीजन का पहला भारी हिमपात हुआ है। शिमला में 289, लाहुल स्पीति में 181, चंबा में 93, मंडी में 54, कुल्लू में 41, सिरमौर में 16 और सोलन में सात मार्ग बंद हैं। प्रदेशभर में 107 पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं। शिमला में 744, चंबा में 351, सिरमौर में 302, सोलन में 130, लाहुल स्पीति में 24, मंडी में 19 और किन्नौर में दो ट्रांसफार्मर खराब हैं।
