शिमला | राष्ट्रीय सर्वेक्षण परख के 19 सितंबर को हुए तीसरे मॉक टेस्ट में छठी और नौवीं कक्षा के विद्यार्थियों का गुणा और भाग कमजोर निकला है। बुधवार को स्कूलों में जारी आंसर की में इसका खुलासा हुआ है। गणित विषय में इन दोनों कक्षाओं के विद्यार्थियों के नतीजे अपेक्षाकृत कम रहे हैं। ऐसे में शिक्षा विभाग ने इन दोनों कक्षाओं के विद्यार्थियों का अब रोजाना क्लास टेस्ट लेने के निर्देश जारी किए हैं। छठी कक्षा के बच्चों को पांचवीं तक और नौवीं कक्षा वालों को आठवीं कक्षा तक का सिलेबस आने वाले दिनों में पढ़ाया जाएगा।
मॉक टेस्ट के परिणाम में गणित विषय के नतीजे कम रहे हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को गणित विषय में और अधिक मजबूत करने के लिए अब रोजाना क्लास टेस्ट करवाने का फैसला लिया गया है। मुख्य परीक्षा होने तक क्लास टेस्ट लिए जाएंगे। इस दौरान विद्यार्थियों को पुरानी कक्षाओं का सिलेबस भी रिवाइज करवाया जाएगा- डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा, उच्च शिक्षा निदेशक
