चंबा| हिमाचल प्रदेश के चंबा का मिंजर मेला अब आधिकारिक रूप से अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला होगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रविवार को मिंजर महोत्सव के समापन अवसर पर इस मेले को अंतरराष्ट्रीय दर्जा देने की घोषणा की। जनपद का आठ दिवसीय मिंजर मेला रविवार को रावी नदी में मिंजर विसर्जन की रस्म अदायगी के साथ समापन हो गया। रावी नदी में मिंजर विसर्जन की रस्म मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अदा की। इससे पहले मिंजर मेला के समापन मौके अखंड चंडी पैलेस से एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जोकि शहर के मुख्य बाजार से होती हुई मंजरी गार्डन पहुंची। मिंजर मेला की शोभायात्रा की अगवाई मुख्यमंत्री ने की। अखंड चंडी पैलेस से निकली शोभा यात्रा का नेतृत्व शहर के प्रमुख देवता भगवान रघुवीर ने किया। शोभयात्रा में भगवान रघुवीर के अलावा स्थानीय देवी-देवताओं ने भी हिस्सा लिया। इसके अलावा पुलिस व होमगार्ड जवानों की टुकडिय़ां भी शोभायात्रा में शामिल रहीं। शोभायात्रा के मंजरी गार्डन पहुंचने पर लोकगायकों ने पारंपरिक कुंजड़ी मल्हार गायन किया।
इसके बाद पान वितरण की रस्म अदायगी के बाद मंत्रोच्चारण के बीच मुख्यमंत्री ने रावी नदी में नारियल व मिंजर प्रवाहित कर सुख- समृद्धि की कामना की। इससे पहले मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक चौगान में छिंज (कुश्ती) मुकाबले के समापन समारोह की अध्यक्षता भी की तथा विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में विजेता खिलाडिय़ों को पुरस्कार वितरित किए। रात्रि पहर मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में भी बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। मिंजर मेला समिति के अध्यक्ष एवं उपायुक्त डीसी राणा ने मुख्यमंत्री को शाल व टोपी पहनाकर और स्मृति चिंह भेंटकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने मिंजर मेले की स्मारिका का विमोचन भी किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक योजना के तहत 13.68 करोड़ की लागत से निर्मित मरेडी-सिल्लाघ्राट मार्ग के उन्नयन कार्य, 3.24 करोड़ के जिला रोजगार कार्यालय के माडल कैरियर सेंटर भवन और 80 लाख की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धुलाड़ा के भवन का लोकार्पण किया।
उन्होंने स्टेट विजिलेंस एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के कर्मचारियों के आवासीय भवनों के निर्माण की आधारशिला भी रखी। इन आवासीय भवनों के निर्माण पर 3.50 करोड रुपए की राशि खर्च होगी। मुख्यमंत्री ने मिंजर महोत्सव के अवसर पर इस मेले को अंतरराष्ट्रीय दर्जा देने की भी घोषणा की। उन्होंने चंबा चौगान के सौंदर्य को और अधिक निखारने के लिए यहां रोशनी की उचित व्यवस्था करने की भी घोषणा की। उन्होंने बचत भवन में प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को भी सुना।
