घरेलू गैस सिलेंडर के मूल्यों में आग लगी है। घरेलू गैस सिलेंडर का दाम 1076 रुपये तक पहुंच गया है। तीन रुपये तक मूल्य बढ़ गया है। धर्मशाला में कमर्शियल गैस का सिलेंडर 2495 रुपये का बिक रहा है। कुछ दिन पहले ही कमर्शियल गैस के सिलेंडर में 102 रुपये का इजाफा हुआ था। अब घरेलू गैस के सिलेंडर की कीमतों में भी वृद्धि हुई है। ऐसे में महंगाई ने आम आदमी को निचोड़ कर रख दिया है। तेल कंपनियों ने 13 दिनों बाद ही सिलेंडर के दामों में वृद्धि की थी और अब फिर से इजाफा कर दिया गया है। बीते सात मई को घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में पचास रुपये बढ़ाए जाने के बाद अब एक बार फिर दामों में बढ़ोतरी की गई है। आज घरेलू गैस सिलेंडर के मूल्य में तीन रुपये बढ़ा दिए हैं।
घरेलू व कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़े हुए हैं, जिससे आम आदमी को महंगाई से दो चार होना पड़ रहा है। आम आदमी की समस्या खत्म होने के बजाय बढ़ती ही जा रही है। ऐसे में तेल कंपनियों एक बार फिर से घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए हैं, जिससे ज्यादातर लोग अपने घरों में सिलेंडर ही नहीं भरवा पा रहे हैं। कई उपभोक्ताओं ने एक के बजाय दो दो अतिरिक्त सिलेंडर विभाग से ले रखे हैं। लेकिन अब वह सिलेंडर खत्म होने पर ही गैस भरवा पा रहे हैं। अन्य सिलेंडर नहीं भरवा पा रहे हैं।
दीपक ने बताया कि पहले वह अपने तीन सिलेंडर भरवाकर रखते थे कि गैस खत्म होने पर परेशानी से दो चार न होना पड़े। लेकिन अब सिलेंडर के दाम इतने बढ़ गए हैं कि सिलेंडर खत्म होने पर ही कुछ जुगाड़ कर पा रहे हैं। तीन सिलेंडर एक साथ भरवाना मुश्किल हो गया है।
