सोलन : पीएनएम गीता आदर्श विद्यालय सोलन में वन महोत्सव सप्ताह के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके तहत सोमवार को स्कूल के अध्यापकों सहित छात्रों ने शिल्ली गांव में पौधारोपण किया और लोगों को पर्यावरण स्वच्छता के लिए जागरूक किया। यहां पर बच्चों ने विभिन्न प्रजातियों के 80 से अधिक पौधे रोपे। इसके अलावा वन महोत्सव सप्ताह के अंतर्गत स्कूल में पर्यावरण संरक्षण पर आधारित कविता पाठ प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। साथ ही एक लघु नाटिका भी प्रस्तुत की गई, जिसमें बताया गया कि आज हर कोई हरियाली व पेड़ों के साथ फोटो तो खिंचवाना चाहता है, लेकिन पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने से पीछे हटता है। इस मौके पर स्कूल प्रिंसिपल डॉ. स्नेह शर्मा व वाइस प्रिंसिपल पंपोश गुप्ता ने इन गतिविधियों में भाग लेने वाले अध्यापकों व छात्रों के प्रयासों की सराहना की। डॉ. स्नेह शर्मा ने कहा कि स्कूल में इस तरह के कार्यक्रमों से छात्रों को सामाजिक व प्रकृति प्रेमी बनने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने छात्रों से ऐसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का भी आह्वान किया। वाइस प्रिंसिपल पंपोश गुप्ता ने बताया गीता आदर्श विद्यालय में समय-समय पर ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है, ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास हो सके।

You missed