शिमला। सूबे में स्कूलों में नियमित कक्षाएं शुरू होने के बाद बच्चे भी संक्रमण की चपेट में आने लगे हैं। इससे शिक्षा विभाग चिंतित है और अधिकारियों को कोरोना नियमों का सख्ती से पालन करने को कहा है। शिमला में उच्चतर शिक्षा विभाग के निदेशक डा. अमरजीत शर्मा ने अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें फैसला किया गया कि फिलहाल स्कूल को बंद नहीं किया जाएगा और नियमों का सख्ती से पालन करवाया जाएगा। बैठक में सभी जिलों की कोरोना से संबंधित समीक्षा की गई। बताया जा रहा है कि छोटे बच्चों के लिए स्कूल खोलने या फिर सभी स्कूलों को बंद करने का फैसला दीपावली के बाद समीक्षा करने के बाद ही लिया जाएगा।
स्कूलों को दिए निर्देश
- सुबह हर बच्चे की थर्मल स्कैनिंग करें।
- किसी में सर्दी जुकाम के लक्षण नजर आते हैं तो तुरंत अभिभावक, स्वास्थ्य विभाग और एसडीएम को सूचित करें। कोविड जांच करवाई जाए।
- कोई कोरोना पाजिटिव आता है तो कांटेक्ट ट्रेसिंग करवाई जाए, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसके संपर्क में कौन कौन आए थे।
- शिक्षक छात्रों को जागरूक करेंगे।
स्कूल खुलने के बाद 481 बच्चे संक्रमित, 248 एक्टिव
हिमाचल में 27 सितंबर को स्कूल खुलने के बाद से विद्यार्थी संक्रमित हो रहे हैं। अब तक 481 विद्यार्थी संक्रमित पाए गए हैं, जिनमें से 232 स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 248 एक्टिव केस हैं। इन्हें आइसोलेशन में रखा गया है। पिछले पांच दिन से संक्रमण के मामले सैंपल के आधार पर बढ़े हैं। हालांकि स्वस्थ होने वालों की संख्या के बढऩे से एक्टिव केस में इतनी अधिक वृद्धि नहीं हुई है। उधर अब रेंडम सैंपलिंग भी शुरू कर दी गई है। जिससे कोरोना के संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
