पांवटा साहिब। हिमाचल प्रदेश में कोरोना वायरस के खौफ के बीच पांवटा साहिब में एक व्यक्ति की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई है। एक दुकानदार को तेजधार हथियार से मौत के घाट उतारा गया। आईपीएच कार्यालय के समीप हुई इस वारदात से पूरे पांवटा क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान चाय की दुकान चलाने वाले सुधीर (50) के रुप में हुई है। जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह आईपीएच विभाग के चौकीदार ने उसे संदिग्ध हालत में देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद डीएसपी पांवटा सोमदत्त व एसएचओ संजय शर्मा की टीम ने मौके पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू की।फोरेंसिक टीम भी पांवटा साहिब बुलाई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह आईपीएच विभाग का चौकीदार राजेंद्र सिंह घर से बाहर निकला। कार्यालय गेट के साथ ही सुधीर(50) की चाय की दुकान है। चौकीदार ने मौके पर देखा तो सुधीर आवाज लगाने पर भी जवाब नहीं दे रहा था। इस पर चौकीदार को संदेह हुआ और इस संबंध में विभाग के जेई रणदीप के माध्यम से पुलिस को सूचित किया। डीएसपी सोमदत्त व एसएचओ संजय शर्मा टीम सहित मौके पर पहुंचे। मृतक के शरीर पर तेजधार हथियार (चाकू) से करीब आधा दर्जन वार के निशान थे। मृतक की पहचान बिहार निवासी सुधीर के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में शक की सूई नशेड़ियों या अवैध नशा विक्रेताओं की तरफ भी दौड़ रही है। शव कब्जे में लेकर पुलिस टीम ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, डीएसपी पांवटा सोमदत्त ने बताया कि मृतक के शरीर पर तेजधार हथियार से वार के निशान है। पुलिस हत्या का मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से तफ्तीश कर रही है।

You missed