शिमला। पिछले 24 घंटो मेंहिमाचल प्रदेश में 9 कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई, जबकि 114 नए मामले पंजीकृत किए गए। इससे पहले 11 नवंबर को संक्रमण से 10 लोगों की जान गई थी। तीन दिनों के भीतर 23 लोग दम तोड़ चुके हैं। लगातार हो रहीं मौतों ने स्वास्थ्य विभाग और सरकार की चिंता बढ़ा दी है। सरकार बंदिशें जैसे सख्त कदम उठाने पर विचार कर रही है।

शनिवार को कांगड़ा जिले में कोरोना से पांच लोगों की मौत हो गई। हमीरपुर में 2, किन्नौर और मंडी में एक-एक मरीज ने दम तोड़ा। ऐसे में हिमाचल में करोना एक्टिव मरीजों की संख्या 1100 तक पहुंच गई है। हालांकि, पिछले कुछ दिनों में संक्रमण के मामले जरूर कम हुए हैं, लेकिन मौतों का आंकड़ा बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग के हाथ-पांव फूल गए हैं।

हिमाचल में कोरोना संक्रमण से अभी तक मौतों का आंकड़ा 3795 पहुंच गया है। प्रदेश के चार जिलों में कोरोना एक्टिव मरीजों का ग्राफ 100 से ज्यादा है। इसमें सबसे ज्यादा कांगड़ा जिले में 378, हमीरपुर में 206, ऊना 129 ओर मंडी में 101 एक्टिव मरीज हैं। प्रदेश में 6493 लोगों की सैंपलिंग हुई है। प्रदेश में अगर सैंपलिंग बढ़ती है तो मामलों में इजाफा हो सकता है।

You missed