शिमला : मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर मुहर लगाते हुए कैबिनेट ने गुरुवार को हुई बैठक में चंबा जिला में छोटे बच्चों की सुविधा के दृष्टिगत गुवाड़, भुज्जा, साहलू, धनोटी, ताड़ी, खलोह और बयाला में नई प्राथमिक पाठशालाएं खोलने को अनुमोदन प्रदान किया गया। मंत्रिमंडल ने चंबा जिला में राजकीय प्राथमिक पाठशाला अन्दवास, लक्कड़ मंडी, सिरमौर में प्राइमरी स्कूल राजपुर और मंडी के प्राइमरी स्कूल गाहर को मिडल स्क्ूलों में स्तरोन्नत करने की अनुमति प्रदान की गई। बैठक में कांगड़ा में हाई स्कूल हरनोट, ननहार और प्रेई को वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में स्तरोन्नत करने की अनुमति प्रदान की गई। मंत्रिमंडल ने कांगड़ा जिला के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला इंदौरा और जमा दो स्कूल जिया में विज्ञान की कक्षाएं तथा मंगवाल स्कूल में वाणिज्य कक्षाएं और कंडी में विज्ञान की कक्षाएं आरम्ंभ करने का निर्णय लिया। मंत्रिमंडल ने सिरमौर के बांदली ढाडस में नॉन मेडिकल की कक्षाएं, मिल्लाह में वाणिज्य और विज्ञान की कक्षाएं और टटियाना में विज्ञान की कक्षाएं आरम्भ करने का भी निर्णय लिया।

वहीं, हमीरपुर के लझियाणा और सुलहारी में आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने और आवश्यक पदों का सृजन करने का निर्णय लिया। बैठक में कांगड़ा के कोटला, कोना, सोलन के जाबल जमरोट, मंडी जिला के बरोट और हमीरपुर जिला के बिझड़ी में नए राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान खोलने और आवश्यक पद सृजित करने का निर्णय लिया। मंत्रिमँडल ने शिमला के आईटीआई चिडग़ांव में इलेक्ट्रिशियन और प्लंबर के दो नए ट्रेड आरंभ करने एवं आवश्यक पदों को सृजित कर भरने का निर्णय लिया। बैठक में कांगड़ा जिला के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान गंगथ में कम्प्यूटर ऑपरेटर एवं प्रोग्रामिंग असिस्टेंट तथा इलेक्ट्रिशियन के दो नए ट्रेड आरंभ करने का भी निर्णय लिया। मंत्रिमंडल ने सिरमौर के आईटीआई बोगधार में कम्प्यूटर ऑपरेटर और प्रोग्रामिंग असिस्टेंट के नए ट्रेड आरंभ करने एवं आवश्यक पद सृजित कर उन्हें भरने को स्वीकृति प्रदान की।

कई पीएचसी खोलने को मंजूरी

मंत्रिमंडल बैठक के दौरान सरकार ने कांगड़ा के नूरपुर में गांव सुखड़ में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने और इसके लिए विभिन्न श्रेणियों के तीन पद सृजित कर, भरने की स्वीकृति भी प्रदान की। बैठक में कांगड़ा के अरला और बलोटा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने को भी स्वीकृति प्रदान की। इसके साथ ही नूरपुर में फत्तू-का बाग में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने और तीन पदों को सृजित कर भरने का निर्णय लिया।

You missed