आनी| कुल्लू के आनी की देवठी पंचायत में बीती रात तीन बजे के करीब बादल फटने से भारी तबाही हुई है। आनी के खदेड़ गांव में मकान पर मलबा गिरने के बाद 60 वर्षीय महिला और 16 साल की बच्ची की दबने से मौत हो गई। दोनों के शव बरामद कर लिए गए हैं। देवठी में बादल फटने की इस घटना के बाद आनी बाजार में बाढ़ से लोग दहशत में आ गए। आनी खड्ड में अचानक बाढ़ जैसी स्थिति से सब्जी मार्केट में 10 दुकानें पानी में बह गई। आनी खड्ड खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।

वहीं आनी के ही गूगरा और देवठी गांव में भी कई घरों में पानी घुस गया। गूगरा गांव में कई घरों और गाड़ियों को भी बाढ़ से नुकसान हुआ है। स्थानीय प्रशासन नुकसान के आंकलन में जुट गया है। अब तक तीन गाड़ियों को भी इसमें नुकसान की सूचना है। उधर, शिमला जिला के दूर दराज क्षेत्र नेरवा में भी बीती रात भारी तबाही हुई है। नेरवा नाले में बाढ़ के बाद चार गाड़ियां पानी में बह गई। इनमें एक पिकअप और तीन ऑल्टो कार शामिल है।

आनी ब्लाक के स्कूलों में छुट्टी

DC कुल्लू आशुतोष गर्ग ने बताया कि आनी ब्लॉक के सभी स्कूलों में आगामी आदेशों तक छुट्‌टी कर दी गई है। लोगों को नदी-नालों के आसपास नहीं जाने की सलाह दी गई है।

NH-21 मंडी-मनाली बंद

पर्यटन नगरी मनाली को जोड़ने वाला नेशनल हाईवे-21 एक बार फिर से वाहनों की आवाजाही के लिए ठप हो गया है। मंडी के पंडोह में सात मील के समीप भूस्खलन से सड़क पर यातायात अवरुद्ध पड़ा है। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी लंबी कतारें लग गई हैं।

NH-721 ठियोग-हाटकोटी भूस्खलन के बाद अवरुद्ध

सेब बहुल क्षेत्र कोटखाई, जुब्बल और रोहड़ू को जोड़ने वाला ठियोग-रोहड़ू नेशनल हाइवे भी सुबह से ही भूस्खलन के बाद से अवरुद्ध पड़ा है। इससे सेब की ढुलाई प्रभावित हो रही है। सड़क के दोनों और वाहनों की लंबी लंबी कतारे लग गई है। खासकर सेब से लदे वाहन बड़ी संख्या में कतारबद्ध है।

प्रदेशभर में 95 सड़कें बंद ​

प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी 95 सड़कें जगह-जगह भूस्खलन से बंद पड़ी हैं। लोक निर्माण विभाग इन सड़कों को बहाल करने में जुट गया है। सड़कें बंद होने से लोगों की आवाजाही पर असर पड़ रहा है। खासकर रक्षाबंधन पर बहने अपने भाई को राखी बांधने जाती है। उन्हें भी सड़कें बंद होने और भारी बारिश की वजह से आने-जाने में कठिनाइयां पेश आ रही हैं।

प्रदेश में मानसून की बारिश का कहर जारी है। इससे सरकारी एवं गैर सरकारी संपत्ति को नुकसान का आंकड़ा बढ़कर 673 करोड़ रुपए हो गया है। लोक निर्माण विभाग की सड़कों और जल शक्ति विभाग की पेयजल योजनाओं को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है।

182 लोगों की जा चुकी जान

राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDMA) के अनुसार मानसून के दौरान 45 दिनों में 182 लोगों की भीषण सड़क हादसों, भूस्खलन और अचानक बाढ़ इत्यादि से जान जा चुकी है जबकि 323 व्यक्ति घायल हुए हैं। शिमला में सबसे ज्यादा 30, मंडी में 23 और कुल्लू में 22 लोगों की जान गई है। कुल्लू की मणिकर्ण घाटी में बादल फटने के बाद बाढ़ में 5 और चंबा का एक व्यक्ति करीब एक माह से लापता है।

दर्जनों लोग बेघर

मानसून की बारिश बड़ी संख्या में लोगों को बेघर कर चुकी है। बरसात में लोगों को छत्त की सबसे ज्यादा जरूरत होती है। ऐसे वक्त में ही आशियाना छिनने से बेघर हुए लोगों के दर्द का अंदाजा लगाया जा सकता है। बरसात के दौरान 86 मकान जमींदोज हुए, जबकि 299 मकान को आंशिक क्षति हुई है। ऐसे घरों में लोगों की रातें दहशत में बीत रही हैं। बारिश में 36 दुकानों, 7 लेबर शेड, 264 गौशालाएं और 26 घाट भी तबाह हुए हैं। 126 पालतू मवेशी काल का ग्रास बने हैं।

You missed