धर्मशाला। जिले के लांस नायक विवेक कुमार का शव गग्गल एयरपोर्ट पर लाया गया है. इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर समेत अन्य लोगों ने विवेक के पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि अर्पित की.शनिवार को दोपहर साढ़े 12 बजे के करीब शहीद विवेक का पार्थिव शरीर कांगड़ा एयरपोर्ट पर सेना के विशेष विमान से पहुंचा. इस दौरान शहीद के पिता प्रीतम चंद और चचेरे भाई अजीत कुमार भी साथ में थे. यहां पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, जयसिंहपुर से विधायक रवि धीमान ने शव को रिसीव किया.

सीएम के साथ एसडीएम कांगड़ा अभिषेक वर्मा, एसडीएम जयसिंहपुर पवन शर्मा के अलावा, कांग्रेस नेता कांग्रेस के नेता सुधीर शर्मा भी थे. श्रद्धांजलि देने के बाद विवेक का शव जयसिंहपुर के लिए रवाना किया गया है.

इससे पहले, शुक्रवार को विवेक के परिजन दिल्ली गए थे और वहां उन्होंने विवेक के शव की पहचान की. डीएनए सैंपल भी मैच किए गए. वहीं, सरकार की ओर से विवेक के परिजनों को पांच लाख रुपये की मदद का चेक भी दिया गया है.

विवेक की यूनिट नाहन में पोस्टेड थी, लेकिन वह पैरा कमांडो थे और डेढ़ साल पहले ही उन्हें सीडीएस बिपिन सिंह रावत के पीएसओ के रूप में तैनात किया गया था. विवेक बहुत ही स्किल्ड और युद्ध में माहिर फौजी थे. वह कश्मीर में सेवाएं देने के अलावा, चाइना बॉर्डर पर भी तैनात रह चुके थे. वह पैरा कमांडो थे और कॉम्बैट फ्री फॉल में माहिर थे. पैरा कमांडो विवेक कांगड़ा जिले के जयसिंहपुर उपमंडल के कोसरी इलाके के अपर ठेहडू गांव से थे. लांस नायक विवेक कुमार 2012 में जैक राइफल में भर्ती हुए थे. बाद में वह पैरा कमांडो के रूप में सेवाएं दे रहे थे. साल 2020 में विवेक की शादी हुई थी.

You missed