Spread the love

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में डैंक्‍वां पंचायत के पूर्व उपप्रधान की करियाना दुकान से विस्‍फोटक सामग्री बरामद की गई है. यह इलाका पंजाब से सटा हुआ है. पुलिस थाना डमटाल की टीम ने देर रात आरोपी को गिरफ्तार कर‍ लिया है. पुलिस ने डैंक्वा पंचायत के पूर्व उपप्रधान सतीश से चार जिलेटिन और छह डेटोनेटर व डिफ्यूज करने वाली एक केबल तार बरामद की है. पुलिस ने मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है.पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर डीएसपी नूरपुर सुरिंद्र शर्मा के नेतृत्व में थाना डमटाल के प्रभारी हरीश गुलेरिया, सब इंस्पेक्टर रमेश बैंस ने पूर्व उपप्रधान की करियाने की दुकान पर दबिश दी.

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी ने अपनी दुकान पर संदिग्ध बारूद रखा हुआ है, जिस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस बल के साथ आरोपी की दुकान पर दबिश दी.पुलिस टीम ने आरोपी की दुकान के साथ लगती अन्य दुकान का भी शटर खुलवाया. शटर खुलवाने के बाद पुलिस टीम को दुकान में तलाशी के दौरान दुकान से चार जिलेटिन (गुल्ला) व इसको नष्ट करने के लिए छह डेटोनेटर व एक डिफ्यूज केबल मिली.पुलिस ने आरोपित से मिले ज्वलनशील बारूद को अपने कब्ज़े में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर थाना डमटाल लाया है.

डीएसपी नूरपुर सुरिंद्र शर्मा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपित 38 वर्षीय सतीश कुमार निवासी गांव डैंक्वा की दुकान से बारूद की खेप बरामद की है. आरोपी पंचायत डैंक्वा का पूर्व उपप्रधान भी रह चुका है. आरोपी को गिरफ्तार कर थाना डमटाल में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि उसके पास बारूद कहां से आया और इसका इस्तेमाल कहां पर किया जाना था. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.

You missed