हिमाचल में विधानसभा चुनाव होने के बाद 8 दिसंबर को परिणाम घोषित होना है। इसी बीच सभी नेता अपनी-अपनी रणनीति स्थिति को लेकर मंथन कर रहे हैं । इस दौरान अपने नजदीकी नेताओं से मिलकर अपनी दावेदारी को मजबूत करने के लिए भी संपर्क साध रहे हैं।शुक्रवार को कांग्रेस के दिग्गज नेता नयना देवी के विधायक रामलाल ठाकुर ने शुक्रवार को हालीलाज में कांग्रेस के अध्यक्ष प्रतिभा सिंह से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच में राजनीतिक चर्चा हुई। चुनाव में पार्टी का प्रचार कैसे रहा, क्या स्थिति आने वाले समय में रहती है। इस पर विस्तार से चर्चा की गई । परिणाम आने के बाद आगे की क्या रणनीति रहेगी। सभी मसलों पर चर्चा की गई है। बता दें कि इससे पहले पार्टी के वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर ने हालीलाज पहुंच कर प्रतिभा सिंह से मुलाकात की थी। इस दौरान भी दोनों नेताओं ने आगे की रणनीति पर चर्चा की थी। प्रदेश में कांग्रेस ने अभी तक मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित नहीं किया है। ऐसे में यदि कांग्रेस 35 के जादुई आंकड़े को पार करती है तो मुख्यमंत्री कौन होगा, इसको लेकर अभी तक संशय की स्थिति है। इसलिए कांग्रेस में जो भी वरिष्ठ नेता है, वे पार्टी अध्यक्ष से मुलाकात कर अपना दावा पेश कर रहे हैं। हालांकि कोई भी नेता ये मानने को तैयार नहीं है कि वे दावा पेश कर रहे हैं। उनका कहना है कि यह एक सामान्य मुलाकात चुनाव के बाद अपने पार्टी की राज्य अध्यक्ष को रिपोर्ट दी गई है। इसमें बताया गया कि उनके चुनाव क्षेत्र या आसपास के क्षेत्रों में पार्टी की क्या स्थिति रही।
