सोलन : विधानसभा क्षेत्र कसौली की राजनीति दिनोंदिन गरमाती जा रही है। बुधवार को हाल ही में सोलन तहसील से नायब तहसीलदार पद से सेवानिवृत्त हुए ध्यान सिंह ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। कांग्रेस पार्टी की प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह और प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला ने दिल्ली में कांग्रेस की सदस्यता दिलवाई। इससे कसौली की राजनीति में नया भूचाल देखने को मिल सकता है। ध्यान सिंह ने 12 जुलाई को स्वेच्छा से नायब तहसीलदार पद से सेवानिवृति की थी। सेवानिवृति बाद पहले उन्होंने अपने घर और फिर रविवार को कुमारहट्टी में बड़े समारोह का आयोजन किया था।
ये दिग्गज रहे मौजूद
इस आयोजन में कांग्रेस पार्टी प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री समेत विधायक विक्रमादित्य सिंह व अन्य दिग्गज नेता उपस्थित थे। सेवानिवृत्त पार्टी में कांग्रेसी नेताओं की उपस्थिति ने ही कई अटकलों पर विराम लगा दिया था। लेकिन ध्यान सिंह ने इस समारोह को साधारण समारोह बताया था और राजनीति से जोड़ने को साफ इंकार किया था। वहीं इस समारोह में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल भी शामिल हुए थे। लेकिन बुधवार को ध्यान सिंह के कांग्रेस पार्टी ज्वाइन करने से अब नया समीकरण भी बना है
