ऊना : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीरवार को बल्क ड्रग पार्क का शिलान्यास करने, ट्रिपल आईटी और वंदे भारत एक्सप्रेस का लोकार्पण करने के लिए ऊना पहुंचे। महज 48 घंटों के भीतर बने प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम को लेकर जिला वासियों का उत्साह देखते ही बनता था। विशेष बात यह रही कि करवा चौथ का व्रत होने के बावजूद बड़ी संख्या में महिलाएं भी प्रधानमंत्री की सभा में पहुंची थी। महिलाओं का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए विशेष लगाव दिखाया है। उन्होंने कहा कि महज 8 वर्ष के मोदी सरकार के कार्यकाल में जिला समेत प्रदेशभर को बड़े-बड़े संस्थान और बड़ी सौगातें प्रदान की गई है। हालांकि देश की आजादी के 60 वर्ष तक कभी प्रदेश में रेल नेटवर्क विकास की बाट जोह रहा था लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश के रेल विस्तार को गति प्रदान की है। महिलाओं ने बल्क ड्रग पार्क को लेकर भी प्रतिक्रिया देते हुए इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतरीन सौगात बताया। एक तरफ जहां देश में फार्मा उद्योग मजबूत होगा वहीं दूसरी तरफ युवाओं को रोजगार के द्वार भी खुलने वाले हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सम्मानजनक सोच के चलते आज करवा चौथ होने के बावजूद महिलाएं बड़ी संख्या में यहां पहुंची है।

You missed