कालाअंब। क्षेत्र में सोमवार को ग्रामीणों द्वारा उद्योग का रास्ता रोकने के कारण विवाद खडा हो गया। ग्रामीणों द्वारा रास्ता रोके जाने की शिकायत उद्योग प्रबंधन ने कालाअंब पुलिस से की है। पुलिस को दी शिकायत में एनस्टार उद्योग के प्रतिनिधी दलीप कुमार, देवेश शर्मा व रविंद्र आदि ने बताया कि स्थानीय निवासी सोमनाथ द्वारा महिलाओं को उद्योग के खिलाफ भडकाया जा रहा है। यही नहीं उद्योग में आने वाले वाहनों को जलाने की भी धमकी दी जा रही है। उद्योग प्रबंधन ने बताया कि उन्होंने ग्रामीणों से रास्ता खोले जाने की मांग की। मगर ग्रामीणों ने उनकी मांगों को अनसुना कर दिया। उन्होंने बताया कि जिस जमीन पर ग्रामीण अपना हक जता रहे हैं, उसकी गिफ्ट डीड सरकार के नाम हो चुकी है। ऐसे में रास्ता रोकना गतल है। अगर ग्रामीणों को लगता है कि रास्ते वाली जमीन उनकी है, उन्हें न्याय प्रक्रिया अपनानी चाहिए, ग्रामीणों द्वारा की जा रही गुंडगर्दी सही नहीं है। इससे औद्योगिक क्षे़त्र का माहौल बिगड रहा है। इस बारे में एएसआई देश राज ने बताया कि रास्ते की गिफ्ट डीड हो चुकी है। ग्रामीणों को समझा कर रास्ता खुलवा दिया गया है।
