देहरादून. उत्तराखंड कांग्रेस के दिग्गज नेता अब जल्द ही राज्य में मज़बूत विपक्ष के तौर पर दिखेंगे और सरकार के खिलाफ सड़कों पर भी उतरेंगे. यह बात पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत और पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने सोमवार को एक मीटिंग के बाद कही. दरअसल, सोमवार सुबह से ही कांग्रेस के खेमे में भारी गहमागहमी रही. सुबह ही कांग्रेस से 45 साल जुड़े रहे आरपी रतूड़ी व अन्य नेताओं ने पार्टी से इस्तीफा दिया और दोपहर में आम आदमी पार्टी जॉइन कर ली. इसके बाद शाम को हरक सिंह के घर कई कांग्रेसी नेता बैठक करते दिखे.
हरक सिंह के घर पहुंचने वालों में प्रीतम सिंह गुट के कई नेता शामिल थे. उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, गंगोत्री के पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण पूर्व विधायक राजकुमार आदि नेताओं की इस बैठक के बाद हरक ने कहा, अब उत्तराखंड में विपक्ष कमज़ोर दिख रहा है. ‘मैं जब नेता विपक्ष था, कांग्रेस सड़क से सदन तक लड़ती थी. इस वक्त प्रदेश में खालीपन दिख रहा है.’ इन नेताओं ने आपस में बातचीत कर एक बड़ी पहल या फैसला करने का इशारा दिया.
