शिमला: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान जून महीने में ही हिमाचल दौरे पर आ सकते हैं. इस दौरान वह मंडी जिले के दौरे पर भी जाएंगे. मंडी के धर्मपुर में केंद्रीय विद्यालय का शिलान्यास करेंगे. इससे पहले यह जिले में पेट्रोल पंप की सौगात भी दे चुके हैं. धर्मेंद्र प्रधान प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर हैं. दरअसल मंडी जिले के धर्मपुर में उनका ससुराल है. दौरे के दौरान वह अपने ससुराल जाएंगे. धर्मेंद्र प्रधान की शादी मृदुला ठाकुर से हुई है. हिमाचल के मंडी जिले के छोटे से गांव कोठुवां की रहने वाली मृदुला ठाकुर नब्बे के दशक में हिमाचल यूनिवर्सिटी में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की नेता थीं.
मुंबई में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (Dharmendra Pradhan will come to Himachal) के एक अधिवेशन में धर्मेंद्र प्रधान की मुलाकात मृदुला ठाकुर से हुई. उसी अधिवेशन में मौजूदा केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय के साथ-साथ कौशल विकास व उद्यमिता मंत्रालय संभालने वाले धर्मेंद्र प्रधान मृदुला के मुरीद हो गए थे. धर्मेंद्र प्रधान को मृदुला ठाकुर की छात्र राजनीति की समझ इस कदर भा गई कि उन्होंने मृदुला को जीवनसाथी बनाने का फैसला कर लिया. इस तरह छात्र राजनीति ने उड़ीसा व हिमाचल का रिश्ता जोड़ दिया. वे 1998 में विवाह बंधन में बंधे थे. राजनीति में अति व्यस्त होने के कारण धर्मेंद्र प्रधान न के बराबर हिमाचल आ पाते हैं. अलबत्ता उनके मंत्री रहते हिमाचल के मंडी जिला यानी उनकी ससुराल को दो गैस एजेंसियां जरूर मंजूर हुई हैं.
उत्कल यूनिवर्सिटी से एंथ्रोपोलॉजी में परास्नातक यानी एमए की डिग्री हासिल करने वाले धर्मेंद्र प्रधान राजनीतिक परिवार से हैं. वे छात्र राजनीति में भी सक्रिय रहे. बाद में भारतीय जनता युवा मोर्चा के दो साल तक राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे. राजनीति में कई पदों को संभाल चुके धर्मेंद्र प्रधान एक अधिवेशन में मुंबई में मृदुला ठाकुर से मिले थे. मृदुला ठाकुर हिमाचल में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के मुख्य चेहरों में से एक रही हैं. हालांकि 1994 में वे केंद्रीय छात्र संघ के महासचिव पद का चुनाव बेहद कम अंतर से हार गई थीं. मृदुला ठाकुर के मां-पिता दोनों शिक्षक के तौर पर सेवारत रहे हैं. मृदुला के पिता भगतराम व मां रामप्यारी ने उन्हें हमेशा प्रोत्साहित किया है. विवाह के बाद मृदुला पूरी तरह से गृहस्थी को समर्पित हैं और अपने पति धर्मेंद्र प्रधान को राजनीति में सहयोग करती हैं. शपथ ग्रहण समारोह में मृदुला के मां-पिता भी दिल्ली गए थे. प्रधान दंपति के एक बेटी व बेटा हैं.
