. मध्य प्रदेश के Indore में शुक्रवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया है. यहां के दो मंजिला इमारत में आग लगने से 7 लोगों की मौत हो गई. आग विजय नगर इलाके में स्थित स्वर्ण बाग कॉलोनी की इमारत में लगी.
मध्य प्रदेश : मध्य प्रदेश के इंदौर (Indore) में शुक्रवार देर रात दो मंजिला इमारत में आग लग गई, आग की लपटें इतनी भीषण थी कि 7 लोग जिंदा जलकर मर गए. मृतकों में 6 पुरुष और एक महिला शामिल है. जबकि 8 लोग गंभीर रूप से झुलस गए. पुलिस ने मृतकों के शव MY अस्पताल भेज दिए. बताया जा रहा है कि इमारत में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी, फिर धीरे-धीरे भयानक रूप ले लिया. हालांकि आग लगने की असली वजह का पता नहीं चल पाया है. प्राथमिक जानकारी के मुताबिक जिस मकान में आग लगी है, वह अंसार पटेल का मकान है.
मामला विजय नगर के स्वर्णबाग (Swarna Bagh) मोहल्ला का है. बताया जा रहा है कि देर रात अचानक बिल्डिंग से धुआं निकलने लगा, जब तक लोग कुछ समझ पाते आग ने भीषण रूप ले लिया. आग की सूचना तुरंत स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड को दी. मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. आग की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने आग लगने के कारणों के संबंध में जांच पड़ताल शुरू कर दी.
आग का पता चलते ही इलाके में चीख-पुकार मच गई. आसपड़ोस के लोगों ने आग बुझाने की तमाम तरह से कोशिशें कीं. लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और विजय नगर थाने को सूचना दी. घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया. आग बुझने के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने घर से एक के बाद एक कई शव बाहर निकाले. आग पर काबू पाने के बाद पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया. फोरेंसिक और इंटेलीजेंस टीम के अफसर भी मौके पर पहुंच गए थे. इस बीच विधायक महेंद्र हार्डिया और इंदौर पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्रा ने मौके का निरीक्षण किया.
सीएम ने जताया शोक
इस हादसे पर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट किया- इंदौर के स्वर्ण बाग कॉलोनी में शॉर्ट सर्किट से हुए हादसे में कई अनमोल जिंदगियों के असमय निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ. ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति देने तथा घायलों को शीघ्र स्वस्थ करने की प्रार्थना करता हूं.
