सोलन : सोलन शहर के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान खादी बोर्ड के प्रदेश उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम गुलेरिया ने यह दावा किया है कि 5 सालों में बेहतर काम हिमाचल प्रदेश में खादी बोर्ड के माध्यम से किया गया है।
खादी बोर्ड के प्रदेश उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम गुलेरिया ने कहा कि 16 जनवरी 2018 को उन्हें मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की ओर से बोर्ड का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया था जिसके बाद अब तक प्रदेश भर में 1,556 नए इंडस्ट्रियल यूनिट लगाए गए हैं इसके माध्यम से 12,528 लोगों को रोजगार दिया गया है।
उन्होंने कहा कि फील्ड के कर्मचारियों की मदद से आज हिमाचल प्रदेश में बेहतरीन कार्य खादी बोर्ड द्वारा किया गया है। प्रधानमंत्री सेल्फ एंप्लॉयमेंट जनरेशन प्रोग्राम के तहत बेरोजगार युवा नौजवानों को अनुदान के रूप में 48 करोड़,30 लाख,18 हजार रुपए की सब्सिडी दी गई है। उन्होंने कहा कि खादी बोर्ड ने सेल शॉप के माध्यम से भी प्रदेश भर में 5 सालों में 33 करोड़,40 लाख,48 हजार रुपए की सेल की है।
पुरुषोत्तम गुलेरिया ने कहा कि 5 सालों में बोर्ड की तरफ से डेली पेड के 13 कर्मचारियों को रेगुलर किया गया है वहीं 14 नए कर्मचारियों की आउटसोर्स के तहत भर्ती किया गया है।
