कोटा. राजस्थान के कोटा जिले में आसमानी बिजली ने कहर बरपा दिया. यहां के सांगोद इलाके के किशनपुरा गांव में खेत में काम करते समय आसमानी बिजली गिरने से मां-बेटे की दर्दनाक मौत हो गई. जबकि परिवार का मुखिया गंभीर रूप से झुलस गया. उसे इलाज के लिए कोटा के एमबीएस अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. वहां वह जिंदगी और मौत से जूझ रहा है. जानकारी के अनुसार हादसा सांगोद इलाके के किशनपुरा गांव में सोमवार को हुआ. वहां खेत पर ज्वार की फसल की रखवाली कर रहे मोग्या समाज के एक ही परिवार के तीन लोगों पर बिजली गिर गई. बिजली गिरने से पार्वती (35) और उसके बेटे शैलेश (10) मौके पर ही मौत हो गई. जबकि पार्वती का पति धीरप मोग्या (40) गंभीर रूप से घायल हो गया. ये तीनों तेज बारिश से बचने के लिए खेत के पास इमली के पेड़ के नीचे बैठे थे. इसी दौरान आसमानी आफत ने इनको अपनी चपेट में ले लिया. सांगोद थानाधिकारी राजेश सोनी ने बताया कि तेज गर्जना के साथ बिजली कड़की तो ये लोग पेड़ के नीचे जाकर बैठ गए थे. उसी दौरान उन पर बिजली कहर बनकर गिरी. बिजली गिरने की सूचना के बाद काफी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और वाहनों से तीनों को अस्पताल पहुंचाया. लेकिन तब तक मां-बेटे की मौत हो चुकी थी. गंभीर घायल धीरप को प्राथमिक उपचार के बाद कोटा के एमबीएस अस्पताल रेफर कर दिया गया. वहां बर्न वार्ड में उसका उपचार जारी है. पुलिस ने मां बेटे के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया है.

By Ashwani

You missed