शिमला| आज हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का जन्मदिन है इसी मौके पर हम आपको बता रहे है उनकी अभी तक के जीवन के सफर की गाथा| कैसे एक साधारण परिवार से निकल कर सत्ता के शिखर पर पहुंचे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर । वह शिमला के ओकओवर में सादगी से अपना जन्मदिन मनाएंगे। उनका जन्म 6 जनवरी 1965 को मंडी जिले के सराज हलके के तांदी गांव में पिता ठूराम ठाकुर और मां ब्रिकमू देवी के घर हुआ था। जयराम ठाकुर के दो भाई और बहनें हैं। उनकी पत्नी साधना पेशे से डाक्टर हैं। जयराम ठाकुर के पिता खेती करते थे। उनकी आय बहुत कम थी। गरीबी के कारण जयराम ठाकुर का बचपन गांव में ही गुजरा। स्कूली शिक्षा गांव में पूरी करनी पड़ी। पिता की इच्छा थी कि बेटा पढ़ लिख सरकारी नौकरी करे, ताकि परिवार को आर्थिक रूप से थोड़ा सहारा मिले। स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद जयराम ठाकुर उच्च शिक्षा के लिए मंडी कालेज आए तो यहां छात्र राजनीति के रंग में रंगने लगे।उनका परिवार नहीं चाहता था कि वह राजनीति में जाएं, लेकिन जयराम ठाकुर भी कहां मनाने वाले थे।

अपने दम पर छात्र राजनीति में कदम रखा और फिर उसके बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा। जयराम ठाकुर वल्लभ कालेज मंडी से बीए की पढ़ाई कर रहे थे तो उन्होंने एबीवीपी के माध्यम से छात्र राजनीति में प्रवेश किया। एबीवीपी के अलावा राष्‍ट्रीय स्‍वयंसेवक संघ के साथ भी जुड़े। पूर्णकालिक के तौर पर जम्मू कश्मीर के रियासी जिला में एबीवीपी का दायित्व देखा। वहां से 1992 को घर वापसी हुई।भाजपा ने1993 में उन्हें चच्योट हलके से टिकट देकर चुनाव मैदान में उतारा। घरवालों को इस बात का पता चला तो उन्होंने इसका विरोध किया। जयराम ठाकुर के बड़े भाई बीरी सिंह बताते हैं कि परिवार के सदस्यों ने जयराम ठाकुर को राजनीति में न जाकर घर की खेतीबाड़ी संभालने की सलाह दी थी, क्योंकि चुनाव लड़ने के लिए परिवार की आर्थिक हालत अनुमति नहीं दे रही थी। जयराम ठाकुर ने अपने दम पर राजनीति में डटे रहने का निर्णय लिया। 1993 में वह मात्र  26 साल के थे। चच्योट कांग्रेस का गढ़ था। पहले चुनाव में शिकस्त मिली।

मगर कांग्रेस को टक्कर देने में सफल रहे थे।1998 में भाजपा ने फिर से जयराम ठाकुर को चुनावी रण में उतारा। इस चुनाव में जयराम ठाकुर ने जीत हासिल की और उसके बाद कभी विधानसभा चुनाव में हार का मुंह नहीं देखा। जयराम ठाकुर विधायक बनने के बाद भी  कभी सादगी से दूर नहीं हुए।उनकी शादी 1995 में राजस्थान की जयपुर की डाक्‍टर साधना के साथ हुई। उनकी दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी  एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर चुकी है। छोटी अभी एमबीबीएस कर रही हैं। 2017 में पांचवीं बार विधायक बनने पर वह सत्ता के शिखर पर पहुंच मुख्यमंत्री के पद पर आसीन हुए थे। जयराम ठाकुर एक बार सराज मंडल भाजपा के अध्यक्ष, एक बार प्रदेश अध्यक्ष, राज्य खाद्य आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। जयराम ठाकुर 2007 में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष थे तो पहली बार पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आई थी।

You missed